शहर के वार्ड नंबर दो निवासी बलदेव सिंह के साथ धोखाधड़ी करके खाते से करीब 49 हजार 999 रुपये निकलवाने के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस को बलदेव सिंह ने बताया कि वह लकड़ी का मिस्त्री है। उसका खाता यूनियन बैंक में है। रात्रि को करीब 9.30 बजे उसके मोबाइल पर किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाला स्वयं को उसका दोस्त हरीश शर्मा बता रहा था। जब उसने कहा कि हरीश शर्मा के दोनों नंबर उसके मोबाइल में फीड है तो सामने से उतर मिला कि यह नया नंबर है। इसके बाद उसने बताया कि वह उसके खाते में 50 हजार रुपये डलवाना चाहता है इसलिए वह अपने मोबाइल फोन पर गूगल पे को शीघ्र चलाएं। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसको गूगल पे चलाने के बारे में कोई ज्ञान नहीं था। इसके बाद उसने बताया कि वह अपना खाता चेक करें, उसने 50 हजार डाल दिए हैं। उक्त व्यक्ति ने उसके व्हाट्सएप पर दूसरे नंबर से संदेश भेजा और जिसे बाद में स्क्रीन शॉट लेकर भेजने के बारे में बोला। अगले दिन उसके मोबाइल पर बैंक का संदेश आया कि उसके खाते से करीब 49 हजार 999 रुपये निकाले जा चुके हैं। जब बैंक जाकर संपर्क किया तो अधिकारियों ने बताया कि खाते से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा पैसे निकाले गए हैं। उन्होंने कहा कि उसने अपना एटीएम कार्ड किसी को ही नहीं दिया था और न ही उसके पास किसी तरह का ओटीपी आया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 379, 420 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।