टोहाना। शहर के प्रेम नगर कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति से टेलीग्राम अकाउंट पर मुनाफा देने का लालच देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो आईडी संचालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में प्रेमनगर निवासी कशिश बंसल ने कहा कि उसका व उसकी माता गरिमा बंसल का एचडीएफसी बैंक में खाता है जो गूगल पे अकाउंट से जुड़े हुए हैं। उसने बताया कि 14 जून को दोपहर करीब 12 बजे उसके टेलीग्राम अकाउंट पर ई बे नाम के ग्रुप में टेलीग्राम आईडी से मैसेज आए। आरोपियों ने उसे कुछ टास्क पूरे करने पर प्रॉफिट देने का झांसा दिया जिसके बाद वह उनके झांसे में आ गया। कुछ टास्क पूरे होने पर आरोपियों ने उसे 50-50 रुपये व 100-100 रुपये भेज दिए। इसके बाद उसे पेमेंट ट्रांसफर करने पर 30 प्रतिशत तक के लाभ का लालच दिया। आरोपियों ने उससे अलग-अलग गूगल पे अकाउंट से रुपये डलवाए। आरोपियों के खाते की एंट्री में उसके व उसकी माता के खाते से 6,85,000 रुपये ट्रांसफर करवा दिए। कुछ समय बाद जब उसके खाते में रुपये नहीं आए तो उसे ठगी का पता चला। उसने पुलिस को शिकायत दी।