फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में दवा काउंटर पर खड़े मरीज।
फतेहाबाद। जिले में कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। शुक्रवार को जिले में 88 वर्षीय बुजुर्ग समेत चार लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने जिले में कोरोना सैंपलिंग भी बढ़ा दी है। शुक्रवार को कोरोना के 175 आरटीपीसीआर सैंपल लिए गए हैं। लैब से फिलहाल 492 सैंपलों की रिपोर्ट आनी है। स्वास्थ्य विभाग के जारी हुए बुलेटिन के मुताबिक गांव जमालपुर शेखां निवासी 25 वर्षीय युवती, फतेहाबाद निवासी 88 वर्षीय बुजुर्ग, टोहाना के इंदिरा कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय युवक और गांव मुस्सेअहली निवासी 28 वर्षीय युवती कोरोना संक्रमित मिली है। जिले में कोरोना के फिलहाल 16 एक्टिव केस है। राहत की बात ये है कि कोई भी संक्रमित अस्पताल में दाखिल नहीं है। जिले में कोरोना संक्रमण दर 4.7 फीसदी है और रिकवरी रेट 97.43 फीसदी है।
दो लाख लोगों को नहीं लगी वैक्सीन की दूसरी डोज
जिले में कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज करीब दो लाख लोगों ने नहीं लगवाई है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक जिले में 6.86 लाख पात्र पहली और 4.78 लाख पात्र दूसरी डोज लगवा चुके हैं। जिले में 16 हजार पात्रों ने ही बूस्टर डोज लगवाई है। अधिकारियों की माने तो जिले में फिलहाल कोरोना वैक्सीन का स्टॉक नहीं है।
कोट
कोरोना सैंपलिंग जिले में बढ़ाई गई है। शुक्रवार को जिले में कोरोना के 4 नए केस मिले हैं। कोई भी संक्रमित अस्पताल में दाखिल नहीं है।
-मेजर डॉ. शरद तुली, उप सिविल सर्जन