टोहाना। सदर थाना पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों को उच्च न्यायालय के आदेश पर जांच में शामिल किया है। इनमें नंहेडी निवासी जोधा, मुकेश, गुरमेल सिंह और रानी कौर शामिल हैं। पिछले साल नशा तस्करों को पकड़ने के लिए गांव नंहेडी में गई पुलिस टीम के काम में बाधा डालकर आरोपियों को भगाने के मामले में पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
सदर थाना पुलिस ने 17 अगस्त 2023 को इन आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के आरोप में केस दर्ज किया था। सदर थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि एसआई महेंद्र सिंह के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक सेल फतेहाबाद पुलिस की टीम ने नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए नछतरो के घर छापा मारा तो वहां गेट पर खड़ा सन्नी मकान में घुस गया। इस दौरान सन्नी ने अपना फोन और एक पाउच फेंक दिया था। पुलिस ने इस पाउच में से 6.30 हेरोइन बरामद की थी।
शोर सुनकर उनके पड़ोसी भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि गुरमेल, मुकेश, जोधा, कनिया और अन्य लोगों ने पुलिसकर्मियों की सरकारी ड्यूटी में बाधा डाली। वह आरोपी को मकान में बंद कर पीछे के गेट से भाग गए थे। पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के आरोप में केस दर्ज किया था।
एएसआई महेंद्र सिंह इस मामले में जांच अधिकारी हैं। उन्होंने आरोपी सन्नी को 26 अक्तूबर 2023 को दबोचा जबकि उसे हेरोइन बेचने वाले देव सिंह को 12 अप्रैल 2024 को गिरफ्तार किया गया था लेकिन चार आरोपी जोधा सिंह, मुकेश, गुरमेल और रानी कौर ने उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत ले ली थी। अब पुलिस ने इन चारों आरोपियों को जांच में शामिल कर उन्हें जमानत दे दी।