रतिया के गांव बाड़ा में फ्लेक्स लगाने जाते हुए गांव के ग्रामीण।
- फोटो : Fatehabad
तीन कृषि कानूनों के विरोध में निकटवर्ती गांव बाड़ा के ग्रामीणों ने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी व जननायक जनता पार्टी के नेताओं के विरोध में गांव में फ्लैक्स लगाकर विरोध जताया है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर भाजपा व जजपा पार्टी का कोई भी नेता गांव में आए तो उसके लिए वह खुद जिम्मेदार होगा। विरोध स्वरूप फ्लैक्स लगाए जाने के फोटो मंगलवार को सारे दिन रतिया में सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे। गांव बाड़ा के निवासी जगदीप सिंह उर्फ जग्गू, रंजीत सिंह, सोनू, निर्मल कंबोज, स्वर्ण सिंह, सुखा, रवि, अमृत, गुरुदयाल सिंह, गोपाल सिंह तथा अन्य लोगों ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा जो तीन कृषि कानून जारी किए गए हैं वह किसानों के लिए नुकसानदायक है और किसान इन कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं लेकिन न तो भाजपा के नेता और न ही जजपा के नेता इस बिल पर किसानों का समर्थन कर रहे हैं उन्होंने कहा कि अगर यह बिल वापस नहीं लिए गए तो किसान खत्म हो जाएगा इसलिए दोनों पार्टियों के नेताओं को आवाज पहुंचाने के लिए गांव वासियों ने सत्ताधारी पार्टी के नेताओं के विरोध में फ्लेक्स लगाने का निर्णय लिया है । उन्होंने बताया कि अगर कोई भी भाजपा और जजपा के नेता उनके गांव में आता है तो उसका विरोध किया जाएगा और उसके लिए वह खुद जिम्मेदार होगा। ग्रामीण सोनू व अन्यों ने बताया कि गांव की सभी गलियों व चौराहों पर विरोध स्वरूप फ्लैक्स लगाए जाएंगे। ग्रामीणों के विरोध स्वरूप फ्लैक्स लगाए जाने की फोटो आज सारा दिन सोशल मीडिया पर वायरल होती रही। जब इस बारे में गांव के सरपंच से बात करने की कोशिश की गई तो उनका मोबाइल बंद मिला।