गांव बनगांव में एक घर के आगे खड़ी पांच वर्षीय मासूम बच्ची को कार चालक ने कुचल दिया। कार की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल बच्ची को नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृत बच्ची का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार गांव बनगांव निवासी करीब पांच वर्षीय बच्ची सानिया मकान के गेट के आगे बने रैंप पर खड़ी थी। इसी दौरान गांव की तरफ से आ रही एक आल्टो कार ने बच्ची को सीधी टक्कर मार दी। कार के टायर बच्ची के ऊपर से निकल गए। गंभीर रूप से घायल बच्ची को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। मगर वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मृतक बच्ची के पिता की शिकायत पर कार चालक हरीश नाथ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश चुघ ने बताया कि कार चालक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।