फतेहाबाद। फतेहाबाद नगर परिषद कार्यालय में कार्यरत महिला कर्मचारी के केबिन में रखे पर्स से एक युवक ने पांच हजार रुपये की नकदी निकाल ली। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। इस मामले में नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता ने पुलिस को शिकायत दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, फतेहाबाद के नगर परिषद कार्यालय की स्व निधि योजना शाखा में निक्की गोयल कार्यरत है। 11 सितंबर को जब वह कार्यालय से बाहर गई हुई थी तो लाल रंग की टी-शर्ट में एक युवक उनके केबिन में आ गया। इस युवक ने पहले इधर-उधर जांच की और उसके हाथ में कुछ दस्तावेज भी थे। वह निक्की गोयल के केबिन में आया तो उसने केबिन को खाली देख लिया। इसके बाद वह निक्की गोयल की मेज के पास आकर बैठ गया और पहले पर्स से चोरी का प्रयास किया और अपने मुंह पर साफा भी बांध लिया। इस दौरान नगर परिषद के दो कर्मचारी भी उसके पास आए तो उसने दस्तावेज दिखाए। उनके जाने के बाद उसने पर्स उठा लिया और उसमें से पांच हजार रुपये निकाल लिए। इस मामले में अब नगर परिषद के ईओ ऋषिकेस ने पुलिस को शिकायत दी है।