फतेहाबाद। नगर परिषद में नवनिर्वाचित प्रधान और पार्षदों द्वारा कार्यभार संभालने के बाद 25 जुलाई को हाउस की पहली बैठक सुबह 11 बजे होगी। बैठक की अध्यक्षता प्रधान राजेंद्र खिंची करेंगी। बैठक को लेकर नप अधिकारियों ने 24 एजेंडे भी तैयार कर लिए हैं। पहली बैठक में 50 फीसदी से ज्यादा एजेंडे नप कार्यालय से जुड़े ही रखे जाएंगे। इसके अलावा नप प्रधान के लिए गाड़ी लगवाने के लिए भी पहली बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा।
शहर के वार्डों में सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए नए कर्मचारियों की नियुक्ति और 14 नई टाटा एस गाड़ियां खरीदे जाने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। अहम बात यह है कि बैठक में पार्षद प्रतिनिधि शामिल नहीं हो पाएंगे। इसको लेकर भी नप प्रशासन निर्देश जारी करेगा। पिछले कार्यकाल की बैठकों में महिला पार्षदों की जगह उनके पति या अन्य प्रतिनिधि शामिल होते रहे हैं। शहर में सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण का प्रस्ताव करीब छह माह से अटका हुआ है। नप में हाउस की पहली बैठक में इसको लेकर प्रस्ताव रखा जाएगा। एक मोबाइल शौचालय भी नप खरीदेगा। इसके अलावा पार्कों के लिए 100 डस्टबिन भी नप खरीदने का प्रस्ताव रखेगा।
बैठक में ये रखे जाएंगे मुद्दे
जलशक्ति अभियान के तहत सात रैन वाटर हार्वेस्टिंग और 10 शोकपिट बनाए जाने।
नप कार्यालय के लिए दो नए शौचालय बनाए जाने।
सीएफसी के लिए भवन निर्माण करवाए जाने।
नगर परिषद कार्यालय की पुरानी बिल्डिंग के प्रथम तल की मरम्मत करवाए जाने।
पीएमएवाई ब्रांच के लिए नए प्रिंटर व कंप्यूटर सेट खरीद किए जाने।
गृहकर शाखा के रिकॉर्ड के लिए सुरक्षित स्टोर रूम तैयार किए जाने।
कार्यालय के सभी कंप्यूटरों की स्पीड बढ़ाने के लिए एसएडी डलवाए जाने।
नगर परिषद कार्यालय के सभागार कक्ष हेतु चार नए एसी खरीदे जाने।
नप में लगे पुराने एसी की मरम्मत करवाए जाने।
कार्यालय में प्रतिदिन प्रयोग के लाए जाने वाले स्टेशनरी के बिलों की अदायगी किए जाने।
रिपेयर करवाए गए प्रिंटरों के बिलों का भुगतान किए जाने।
सफाई शाखा में शहर की सफाई व्यवस्था के लिए नगर नगर परिषद द्वारा डोर टू डोर कूड़े का निस्तारण के लिए टेंडर लगाए जाने।
प्रधान नगर परिषद के लिए गाड़ी लगवाने के लिए ई-निविदा आमंत्रित करने बारे।
15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह से संबंधित प्राप्त बिलों को पास करने।
सफाई व्यवस्था हेतु शहर में स्थित पार्कों के लिए 100 डस्टबिन खरीद किए जाने।
शहर में आयोजित समारोह के लिए मोबाइल शौचालय खरीदे जाने।
एक फॉगिंग मशीन खरीदे जाने और एक की रिपेयरिंग करवाए जाने।
शहर में पांच शौचालय हेतु टेंडर लगाए जाने बारे।
नगर परिषद की सफाई शाखा की कूड़ा उठाने वाली 13 टाटा एस गाड़ियों की बीमा और रिपेयरिंग करवाए जाने।
नगर परिषद की सीमा में स्थित यूनिपोल पर विज्ञापन हेतु टेंडर लगाए जाने।
नगर परिषद सीमा में वृद्धि होने पर नए कर्मचारियों की नियुक्ति और कूड़ा कर्कट उठान व निष्पादन के लिए टेंडर लगाए जाने।
सफाई व्यवस्था हेतु एक जेसीबी और 14 टाटा एस गाड़ियां खरीदे जाने।
पब्लिक डीलिंग के लिए नप में होगा अलग भवन
नगर परिषद में पब्लिक डीलिंग के लिए अलग से भवन बनाया जाएगा। इसको लेकर भी बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा। जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रेशन, शादी पंजीकरण, गृहकर ब्रांच और एनडीसी संबंधित काम एक ही भवन में हो सकेंगे।
पार्षद बैठक में रखेंगे अपने एजेंडे
नगर परिषद की पहली बैठक में 24 एजेंडे नप अधिकारी रखेंगे। इसके अलावा पार्षदों से भी वार्डों से संबंधित एजेंडे मांगे जाएंगे। बैठक में पार्षद सफाई और स्ट्रीट लाइट का मुद्दा उठा सकते हैं।
कोट
नगर परिषद के हाउस की साधारण बैठक 25 जुलाई को सुबह 11 बजे होगी। बैठक को लेकर प्रस्ताव तैयार कर लिए गए हैं।
-ऋषिकेश चौधरी, ईओ नगर परिषद