फतेहाबाद के रतिया रोड पर धू-धूकर जलता पराली से भरा ट्रक।
फतेहाबाद। गर्मी का प्रकोप बढ़ने के साथ ही आगजनी की घटनाओं में बढ़ोतरी होने लगी है। शनिवार रात को रतिया रोड पर ढाणी मसीतां के पास से गुजर रहा पराली की गांठों से भरा ट्रक आग की चपेट में आ गया और जलकर राख हो गया। ट्रक चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रक को खाली खेत में खड़ा कर दिया, अन्यथा बड़ा हादसा भी हो सकता था। शनिवार रात को ही भूना रोड पर एक गाड़ी में आग लग गई। वहीं धांगड़ के सालमखेड़ा रोड पर गेहूं की फसल व भट्टूकलां के गांव बोदीवाली व खाबड़ाकलां में गेहूं के खेतों में आग लग गई। दमकल विभाग की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रतिया रोड पर ढाणी मसीतां के पास शनिवार रात को पराली से भरे एक ट्रक में भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना पाकर ट्रक चालक ने सूझ-बूझ से काम लेते हुए ट्रक को खाली खेतों में उतार दिया। इतनी देर में देखते ही देखते ट्रक आग का गोला बन गया। मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण जुटना शुरू हो गए और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था। ट्रक चालक जसपाल ने बताया कि वह अपने ट्रक में पराली लोड करके जा रहा था। जैसे ही वह ढाणी मसीतां के पास पहुंचा तो ट्रक ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों के संपर्क में आने के कारण तारों से निकली चिंगारियों से ट्रक में पड़ी पराली ने आग पकड़ ली। उसने बढ़ती आग को देखते हुए तुरंत ट्रक को एक खाली खेत में जाकर खड़ा कर दिया। जिस खेत में ट्रक को घुसाया गया, वहां भी गेहूं की कटाई हो चुकी थी। लेकिन आसपास खेतों में अभी गेहूं की फसल खड़ी थी। लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया। तब तक ट्रक पराली से भरा होने के चलते धू-धू कर जलता रहा। आग पर काबू तो पाया गया, लेकिन ट्रक पूरी तरह जल गया। इसके अलावा भूना रोड पर भी शनिवार रात को एक कार में आग लग गई। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। फतेहाबाद के गांव धांगड़ से सालमखेड़ा को जाने वाले रास्ते पर भी गेहूं की फसल में आग लग गई। आधा एकड़ गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। दमकल विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था।
खाबड़ाकलां व बोदीवाली में भी लगी आग
भट्टूकलां के गांव खाबड़ाकलां में गेहूं के खेत में आग लगने से करीब एक एकड़ की फसल जल गई। गांव खाबड़ाकलां का किसान कृष्ण कुमार खाबड़ाकलां से सदलपुर रोड़ पर अपने खेत में ढ़ाणी बनाकर रहता है। इस खेत में कृष्ण कुमार ने करीब एक एकड़ की गेहूं की फसल काट कर गांठ बांध कर रखी। रविवार दोपहर बाद अचानक उसके खेत में गेहूं की गांठों में आग लग गई। आग लगी देख किसान ने तुरंत भट्टूकलां अग्निशमन विभाग को सूचना दी। खेत में आग लगी देख आसपास के किसानों ने भी अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर भट्टूकलां से पंहुची अग्निशमन की गाड़ी ने पहुंच कर आग पर काबू पाया। वहीं दूसरी ओर गांव बोदीवाली में भी गेहूं के फानों में आग लगने पर फतेहाबाद दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।