फतेहाबाद के दमकल कार्यालय में खड़ी गाड़ियां।
फतेहाबाद। खेतों में गेहूं की फसल पक कर तैयार है और इस दौरान आगजनी की घटनाएं भी बढ़ रही हैं, लेकिन दमकल विभाग के सामने एक समस्या आ गई है। अब दमकल विभाग व अन्य आपातकालीन घटनाओं को डायल 112 से जोड़ दिया गया है। पहले इसकी सूचना पंचकूला मुख्यालय जाती है और इसके बाद संबंधित विभाग के पास आती है। ऐसे में कई बार घटना स्थल पर पहुंचने में देरी भी हो जाती है।
इस मामले में बड़ी समस्या दमकल विभाग को हो रही है। अगर कहीं पर आगजनी की घटना होती है, तो लोग दमकल विभाग के नंबर 101 पर डायल करते हैं, लेकिन अब इस नंबर को डायल 112 के अंदर मर्ज कर दिया गया है। जिस कारण दमकल विभाग की परेशानी बढ़ गई है। पहले आगजनी की घटना होने पर दमकल विभाग के नंबर 101 पर सीधी कॉल आती थी और जहां आग लगी है, उस स्थान का भी पता समय पर चल जाता था। अब अगर कोई व्यक्ति आगजनी की घटना की सूचना 101 नंबर भी देता है, तो यह कॉल सीधा पंचकूला से जुड़ती है। जिसमें कई प्रकार की सूचनाएं मागी जाती हैं और बाद में इसी कॉल को दमकल विभाग के पास भेजा जाता है। इस मामले में समस्या यह है कि संबंधित कॉलर के बारे में जानकारी नहीं मिल पाती। वहीं जो लोकेशन दी जाती है वह भी काफी आगे या पीछे रहती है। जिस कारण दमकल कर्मचारियों को अधिक मेहनत करनी पड़ रही है।
ज्ञात रहे कि दमकल विभाग में पहले ही कर्मचारियों का टोटा है और अब डायल 112 पर डायरेक्ट कॉल जाने से उनको अधिक परेशानियां झेलनी पड़ सकती हैं।
दमकल विभाग को डायल 112 में मर्ज किया गया है। इससे पहले कोई भी आगजनी की सूचना पंचकूला मुख्यालय में जाती है और वहां से दमकल विभाग को सूचना मिलती है। इस प्रक्रिया में कई बार देरी होने की संभावना है।
सुमेश कुमार, फायर ऑफिसर, फतेहाबाद।