आग पर काबू पाने के बाद पैलेस हाल में फैला धुं
रतिया। गांव नागपुर में सरदूलगढ़ रोड स्थित प्रदीप मैरिज पैलेस में विवाह समारोह के दौरान दोपहर करीब 1.30 बजे आग लग गई। आग लगने से पैलेस में भगदड़ मच गई। इस दौरान छह से सात लोग घायल हो गए। आग से पैलेस में लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद 45 मिनट बाद 2.15 बजे आग पर काबू पाया।
जिले के गांव नागपुर निवासी पवन व प्रदीप का सरदूलगढ़ रोड पर मैरिज पैलेस है। रविवार को गांव मूसा ढाणी के गुलाब सिंह की बरात आई हुई थी। लड़की पक्ष के लोग भी मानसा (पंजाब) से आए हुए थे। विवाह समारोह के दौरान पैलेस के बाहर लॉन में खाने-पीने की व्यवस्था थी। अंदर हाॅल में बने स्टेज पर आरकेस्ट्रा चल रहा था। हाल में करीब 200 लोग मौजूद थे कि अचानक शॉर्ट सर्किट से हॉल में स्टेज के पास लगी फॉक्स लाइट फट गई। फॉक्स लाइट फटने पर हाॅल में गोली चलने जैसी आवाज आई।
इस पर आरकेस्ट्रा चलने के बावजूद हॉल में एकदम सन्नाटा छा गया, तभी हाल में लगे पंखे में भी आग लग गई, जिससे वहां लगे टेंट ने भी आग पकड़ ली। देखते ही देखते ही पूरे पंडाल में आग फैल गई और टेंट के जलते टुकड़े नीचे गिरने लगे। इससे पैलेस में भगदड़ मच गई और लोग भागकर हाल के दरवाजों से बाहर पार्क व लॉन में आ गए। गनीमत है कि घटनाक्रम में जान की हानि नहीं हुई। आग के कारण टेंट, कुर्सियां, सोफे जल गए। आग एक कमरे में पड़े बेड तक पहुंच गई। कपड़े जलने के कारण ऊपर से आग की लपटें नीचे गिरती रही, जिस कारण कोई अंदर आग बुझाने के लिए जा भी नहीं सका।
बाहर टेंट लगवा कर संपन्न करवाया विवाह
अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने काफी मशक्कत से आग पर काबू पाया। पैलेस में आग लगने की सूचना मिलने पर आसपास के लोग काफी संख्या में एकत्र हो गए और बचाव कार्य में जुट गए। बाद में बाहर ही टेंट लगवा कर विवाह कार्यक्रम संपन्न करवाया गया। मैरिज पैलेस के संचालक प्रदीप व पवन ने बताया कि पैलेस में आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। नागपुर पुलिस चौकी से भी टीम पहुंची और जानकारी ली।
कोट
प्रदीप पैलेस में आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शॉर्ट सर्किट के चलते पैलेस में आग लगी थी, लेकिन किसी तरह का कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।
-हंसराज, नागपुर चौकी प्रभारी