फतेहाबाद। परिवार पहचान पत्र में वेरिफिकेशन के दौरान 1.80 लाख से परिवार की आय कम है तो उन्हें आयुष्मान भारत योजना में शामिल किया जा रहा है। कार्ड बनवाने के लिए आयुष्मान मित्र केंद्र और कॉमन सर्विस सेंटर पर लोगों की भीड़ लग रही है। बुजुर्गों की वेरिफिकेशन में दिक्कत आ रही है। स्कैनर पर उंगलियों के निशान न आने के चलते कार्ड नहीं बन रहे हैं। केंद्र पर अधिकतर बुजुर्ग मोबाइल नहीं लेकर आ रहे या फिर उन्हें नंबर का भी नहीं पता है। इसके चलते ओटीपी न मिलने से वेरिफिकेशन नहीं हो पा रही है।
नागरिक अस्पताल फतेहाबाद के आयुष्मान मित्र केंद्र में आई स्कैनर भी नहीं है। कर्मचारियों का कहना है कि आई स्कैनर खराब हो चुका है, डिमांड की गई है लेकिन नहीं मिला है। आई स्कैनर से भी वेरिफिकेशन की जा सकती है। वहीं अधिकारियों का दावा है कि जिले में अब तक 30 हजार लोगों के आयुष्मान कार्ड बन चुके है।
एक बजे बंद हो गया आयुष्मान मित्र केंद्र
नागरिक अस्पताल में आयुष्मान मित्र केंद्र है, सोमवार को कार्ड बनवाने के लिए यहां पर भीड़ लगी लेकिन एक बजे ही केंद्र को बंद कर दिया गया। कर्मचारी छुट्टी पर होने के चलते शाम पांच बजे तक की बजाए दोपहर एक बजे तक ही कार्ड बनाए गए। केंद्र बंद होने के चलते सूची में शामिल लाभार्थियों को वापस लौटना पड़ा।
सूची में नाम देखने के लिए पीपीपी जरूरी
आयुष्मान भारत योजना की जारी हुई सूची में नाम है या नहीं, इसके लिए परिवार पहचान पत्र होना जरूरी है। पीपीपी के द्वारा ही पता लग सकता है कि सूची में शामिल किया गया है या नहीं हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने आशा वर्कर को संबंधित वार्ड और गांव की सूची जारी कर रखी है।
पहले बन चुके आयुष्मान कार्ड की स्थिति
जिले में कुल परिवार : 63554
कार्ड बनवा चुके परिवार : 43715
कार्ड वाले परिवारों में सदस्य : 130325
कोट
30 हजार लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बना दिए गए है। सीएससी और आयुष्मान मित्र केंद्र पर कार्ड बनाए जा रहे है। अस्पताल के आयुष्मान मित्र केंद्र में आई स्कैनर न होने बारे जानकारी नहीं है। अस्पताल इंचार्ज अपने स्तर पर खरीद कर सकते हैं।
-डॉ. कुलदीप गौरी, उप सिविल सर्जन