भूना। फाइनेंस कंपनी के एरिया मैनेजर ने एक हजार रुपये उधार नहीं दिए तो युवक ने लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया और गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। हमले में एरिया मैनेजर व उसका दोस्त घायल हो गए। पुलिस ने एमपी सोत्तर निवासी आरोपी राजपाल के खिलाफ मारपीट करने, रास्ता रोकने व तोड़फोड़ करके जान से मारने की धमकी देने के अतिरिक्त एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में गांव भरपूर निवासी अमित सिंह ने बताया कि वह एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है और तीन जून को भूना एरिया में कंपनी के ग्राहक सदस्य से किस्त लेकर भूना से रतिया जा रहा था। इस दौरान उसका दोस्त हसंगा निवासी राजेश कुमार कार लिए हुए एमपी सोतर बस स्टैंड पर मिल गया। दोनों कार में बैठे बातचीत कर रहे थे तो इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर एमपी सोत्तर निवासी राजपाल पहुंच गया। उसने आते ही मोटरसाइकिल कार के आगे खड़ी कर दी। जब उसने कारण पूछा तो वह एक हजार रुपये उधार मांगने लगा। जब उसने देने से इन्कार किया तो आरोपी ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया और कार के शीशे तोड़ दिए। हमले में राजेश कुमार व उसे गंभीर चोट आई। आरोपी ने उसे जातिसूचक गाली दी व जान से मारने की धमकी भी दी।
एसएचओ अनूप कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी राजपाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।