फतेहाबाद के नगर परिषद कार्यालय में फाइनेंस कमेटी के सदस्यों के बारे में विचार विमर्श करते विधाय
फतेहाबाद। आखिरकार नगर परिषद की फाइनेंस एवं टेंडरिंग कमेटी का बुधवार को गठन हो गया। फाइनेंस कमेटी के सदस्यों के लिए पहले भी दो बार प्रयास किए गए थे, लेकिन विफल रहे। बुधवार को नगर परिषद की हाउस की बैठक में विधायक दुड़ाराम भी पहुंचे और सभी पार्षद भी आए। ड्राॅ के माध्यम से इस साल 30 सितंबर तक वार्ड नंबर 19 के पार्षद रवि मेहता व वार्ड नंबर 25 के पार्षद बेअंत सिंह के नाम की पर्ची निकली। वहीं, एक अक्तूबर से 31 मार्च 2024 तक के लिए वार्ड नंबर 10 की पार्षद ज्योति मेहता व वार्ड नंबर 22 की पार्षद मोहिनी बजाज के नाम की पर्ची निकली। अब विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जगी है।
नगर परिषद में फाइनेंस कमेटी के लिए दो पार्षदों की नियुक्ति होनी थी। इसके लिए पहले दो पार्षदों के नाम सामने आए, लेकिन पहली बैठक में नामों पर सहमति नहीं बनी। पिछले सप्ताह भी पार्षदों को बैठक का नोटिस दिया गया लेकिन एक दिन पहले ही प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची ने बैठक रद्द कर दी थी। बुधवार को तीसरी बार फिर से पार्षदों की बैठक बुलाई गई थी। इस फाइनेंस एवं टेंडरिंग कमेटी का काम शहर में होने वाले विकास कार्यों के लिए टेंडर जारी करना व काम की देखभाल करना है। इससे पहले प्रधान व उपप्रधान अपने खास पार्षदों को इस कमेटी में चुनना चाहते थे, लेकिन उन पर सहमति नहीं बन पा रही थी। कमेटी का गठन न होने के कारण शहर में विकास के लिए टेंडर भी जारी नहीं हो रहे थे।
प्रधान, उपप्रधान व डीएमसी भी रहेंगे कमेटी में
इस फाइनेंस एवं टेंडरिंग कमेटी में डीएमसी अजय चोपड़ा, प्रधान राजेंद्र खिंची, उपप्रधान सविता टुटेजा भी शामिल रहेंगी। दो पार्षदों को भी कमेटी में रखना होता है। इसलिए यह चयन हुआ। बैठक में निर्णय लिया गया कि दो पार्षदों को हमेशा के लिए सदस्य ना बनाया जाए। छह-छह महीने के लिए सदस्य बनाए जाएं। इसके बाद 30 सितंबर तक के लिए दो पार्षदों के चयन के लिए ड्रा निकाला गया, जिसमें पार्षद बेअंत सिंह व रवि मेहता का नाम आया। इसके बाद एक अक्तूबर से 31 मार्च 2024 के लिए पार्षदों के लिए ड्रा निकाला तो ज्योति मेहता व मोहिनी बजाज के नाम से पर्ची निकली।
सभी पार्षदों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया था कि फाइनेंस एवं टेंडरिंग कमेटी के लिए पार्षदों का चयन ड्रा के माध्यम से किया जाए। इसके लिए सभी पार्षद सहमत थे और ड्रा के माध्यम से पार्षदों का कमेटी के लिए चयन हो गया है। अब शहर के विकास के लिए टेंडरिंग का कार्य आरंभ किया जाएगा।
-राजेंद्र खिची, प्रधान, नगर परिषद फतेहाबाद।