फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: अमित शाह की रैली में शांतिभंग करने का अंदेशा, 130 लोगों को नोटिस जारी

विज्ञापन
विज्ञापन
सिरसा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की 18 जून को होने वाली रैली को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शन व विरोध करने की आशंकित व्यक्तियों की सूची तैयार कर कलंदरे (नोटिस) जारी किए हैं। पुलिस ने किसान नेताओं, आम आदमी पार्टी, विरोधी सरपंचों, कांग्रेसी कार्यकर्ता सहित अन्य 130 लोगों को कलंदरे जारी किए हैं और 16 जून को एसडीएम कोर्ट में पेश होने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने उनकी लिस्ट संबंधित एसडीएम और थाना-चौकी प्रभारियों को भी भेजी है। कलंदरे जारी होने वाले लोगों को एसडीएम की तरफ से 16 जून को कोर्ट में पेश होने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रैली को लेकर नई अनाज मंडी में तैयारियां जोर से चल रही हैं। मंडी में टेंट लगाने और बैरिकेडिंग का कार्य चल रहा है। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी निरीक्षण व जांच करने के लिए पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही पुलिस ने गुप्त सूत्रों के आधार पर गृहमंत्री अमित शाह के आगमन के दौरान कानून व्यवस्था में बाधा डालकर शांति भंग करने का प्रयास करने वाले 130 लोगों की सूची तैयार कर उन्हें कलंदरे बनाकर संबंधित एसडीएम को आगामी कार्रवाई के लिए भेजा है, ताकि रैली के दौरान कोई भी विरोध न कर सके। कलंदरे जारी होने के बाद संबंधित लोगों ने इसका विरोध करना भी शुरू कर दिया है। किसान, कांग्रेसी, आम आदमी पार्टी व सरपंचों ने अब हर तरह से रैली में विरोध करने की चेतावनी दी है।

ये है कलंदरे का मतलब

जब शांति भंग होने की आशंका हो तो पुलिस द्वारा उक्त लोगों के सीआरपीसी की धारा 107/150 के तहत कलंदरा (नोटिस) जारी कर एसडीएम के माध्यम से उन्हें पाबंद किया जाता है। जिला पुलिस द्वारा इस संबंध में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं की जा रही है। जिला पुलिस इसी कड़ी में कुछ और लोगों के कलंदरे भी तैयार किए जा रहे हैं। जोकि आगामी कार्रवाई के लिए संबंधित एसडीएम के पास भेजे जाएंगे।
विज्ञापन


आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूंका सरकार का पुतला



कलंदरे जारी होने के बाद वीरवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लघु सचिवालय के समक्ष सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला फूंका। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष हैप्पी रानियां, जिला पार्षद जसदेव निक्का, प्रदेश महिला सहसचिव देवेंद्र कौर, महिला नेत्री सुखदीप कौर ने किया। प्रदर्शन में लोकसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह गदराना व लोकसभा सचिव विरेन्द्र कुमार विशेष तौर पर उपस्थित रहे। आप नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा गरीबों की आवाज उठाने वाले नेताओं के खिलाफ नोटिस जारी कर सुरक्षा व्यवस्था के लिए खतरा बताना तानाशाही प्रवृत्ति को दर्शाता है। आम आदमी पार्टी जनता की आवाज निरंतर उठाती रहेगी।


हर हाल में होगा विरोध : बैनीवाल
सरपंच एसोसिएशन की प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष बैनीवाल ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा तानाशाही तरीके से किसानों, मजदूरों, सरपंचों या अन्य वर्गों पर किए गए अत्याचार का बदला 2024 में बखूबी लिया जाएगा। इस सरकार ने आमजन को किसी न किसी तरीके से परेशान करने का ठेका लिया हुआ है। शासन-प्रशासन लाख कोशिशें कर ले, लेकिन केंद्रीय मंत्री अमित शाह का हर हाल में विरोध होगा।



पहली बार एक साथ दिखे भाजपा नेता, रैली स्थल का किया निरीक्षण

केंद्रीय गृह मंत्री की रैली से दूरी बनाए हुए सभी भाजपा नेता वीरवार को एक साथ रैली स्थल पर नारे लगाते हुए पहुंचे। यहां पर उन्होंने भाजपा का झंडा लहराया। सांसद सुनीता दुग्गल सभी वरिष्ठ भाजपा नेताओं को अपने साथ लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं और तैयारियों का जायजा लिया। बता दें कि भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य देवीलाल को मार्केटिंग बोर्ड का चेयरमैन बनाए जाने के बाद अन्य भाजपा नेताओं ने पार्टी से मुंह मोड़ लिया था। इसके बाद मुख्यमंत्री के जनसंवाद कार्यक्रम से लेकर अन्य कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए थे। अब मनमुटाव दूर होने के बाद भाजपा के सभी नेता एक साथ रैली स्थल पर पहुंचे हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश चोपड़ा ने कहा कि भाजपा की नई व पुरानी कोई भी पार्टी नहीं है। भाजपा भाजपा ही है। किसी भी कार्यकर्ता में कोई मनमुटाव नहीं था। वह पार्टी हाईकमान के अनुसार ही कार्य कर रहे हैं और करते रहेंगे।


दो सरपंचों सहित 15 लोग किए नामजद

रानियां। सिरसा में गृहमंत्री अमित शाह की रैली को लेकर शांति भंग करने का अंदेशा जताते हुए रानियां थाना पुलिस ने दो सरपंचों सहित 15 लोगों को नामजद किया है। पुलिस में मुकद्दमा दर्ज करके इन्हें शुक्रवार को अदालत में पेश होने के आदेश दिए हैं। रानियां पुलिस को अंदेशा है कि रानियां हलके किसान व विपक्षी नेता अमित शाह के दौरे का विरोध कर सकते हैं। मामला देश के गृहमंत्री की सुरक्षा से जुड़ा है। इसलिए पुलिस कोई जोखिम नहीं लेना चाहती है। रानियां थाना पुलिस ने शांति व कानून व्यवस्था भंग करने का अंदेशा जताते हुए इन 15 लोगों को नामजद किया है। इनमें आप के जिलाध्यक्ष हैप्पी रानियां, बणी सरपंच नैना झोरड़, वेदप्रकाश सरपंच जोधपुरिया, बलविंद्र सिंह, किसान नेता हरजिन्द्र सिंह नानूआना, गुरनाम सिंह झब्बर, कांग्रेस नेता बूटा सिंह थिन्द, सुभाष जोधपुरिया, राजेश मलिक, दारा सिंह दमदमा, गुरभेज सिंह दमदमा, अवतार सिंह दलीपनगर, हरविन्द्र सिंह नकौड़ा, सतीश कम्बोज थेड़ शमिन्द्र सिंह व सुखदेव कम्बोज के नाम शामिल है। संवाद


कुछ लोग 18 जून को गृहमंत्री अमित शाह के आगमन के दौरान कानून व्यवस्था में बाधा डालकर अमन शांति भंग करने का प्रयास कर सकते हैं। इसलिए जिला पुलिस ने अमन शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 130 लोगों के कलंदरे बनाकर संबंधित एसडीएम को आगामी कार्रवाई के लिए भेजा है। -उदय सिंह मीना, एसपी, सिरसा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें