भूना। ढक्की मोहल्ला के वार्ड पांच के एक युवक ने मंगलवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर इत्तफाकिया की कार्रवाई की है।
मृतक के पिता रामकुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका 30 वर्षीय बेटा विनोद पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में था। जिसने मंगलवार को घर के अंदर ही दुपट्टे से फंदा बनाकर पंखे पर झूल गया। उस समय विनोद की पत्नी पूनम देवी अपने मायके जींद के गांव तारखा गई हुई थी और वह घर पर अकेला था। जब वह विनोद के पास मंगलवार की सुबह उसके घर गया तो वह मौके के हालात देखकर दंग रह गया। क्योंकि उसका बेटा विनोद फांसी के फंदे पर झूल रहा था। उन्होंने मोहल्ले के लोगों को घटना की जानकारी दी। वार्ड वासियों ने विनोद को फांसी के फंदे से नीचे उतारा तो उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर इलाका पुलिस मौके पहुंच गई। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
तीन बच्चों का पिता था विनोद
वार्ड 5 निवासी 30 वर्षीय विनोद कुमार के तीन बच्चे हैं। जिनमें दो लड़की और एक लड़का है। विनोद दिहाड़ीदार मजदूर था और पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में चल रहा था। इस संबंध में थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के पिता रामकुमार के बयान पर 174 के तहत कार्रवाई की है।