फतेहाबाद। डेंगू का खतरा जिले में कम होने की जगह बढ़ने लगा है। फतेहाबाद और टोहाना शहर डेंगू का हॉटस्पॉट बना है। यहां पर सबसे ज्यादा डेंगू केस मिल चुके हैं। वीरवार को फतेहाबाद में 4 और 6 साल के भाई-बहन समेत 6 लोग डेंगू पीड़ित मिले हैं। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या 108 तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक गांव बरसीन निवासी 35 वर्षीय युवक, फतेहाबाद के भीमां बस्ती निवासी 4 वर्षीय और 6 वर्षीय भाई-बहन, अशोक नगर निवासी 22 वर्षीय युवती, भूथनकलां निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग और फतेहाबाद के पुलिस लाइन निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति डेंगू पीड़ित मिला है। इसमें फिलहाल दो मरीज अस्पताल में दाखिल हैं। अब तक 32 मरीज अस्पताल में दाखिल हो चुके हैं।
6 जगहों पर मिला लारवा
स्वास्थ्य विभाग की टीमें फील्ड में सर्वे कर रही है। सर्वे के दौरान लारवा मिलने का सिलसिला जारी है। वीरवार को 6 जगहों पर लारवा मिला है। अब तक जिले में 3198 जगहों पर लारवा मिल चुका है। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग ने वीरवार को दोबारा एडवाइजरी जारी की है।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी एडवाइजरी
डेंगू से बचने के लिए क्या करें
सप्ताह में एक बार कूलर, फूलदान, हौदी, पशु व पक्षियों के पानी के बर्तन व अन्य पानी से भरे बर्तन एक बार फिर जरूर खाली करें व सुखाकर ही प्रयोग करें।
कूलर प्रयोग में नहीं है तो सुखाकर रख दें।
छतों पर रखी पानी की टंकियों को ढक्कन लगाकर बंद रखें।
सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें।
बुखार होने पर डॉक्टर की सलाह लें।
क्या न करें
अपने घर व कार्यालय के आसपास पानी न जमा होने दें। पानी से भरे गड्ढे में मिट्टी भर दें।
घर की छत पर आसपास पुराना सामान जैसे टायर, ट्यूब, खाली डिब्बे, पॉलीथिन के लिफाफे खुले में न फेंकें।
हैंड पंप व नल के आसपास पानी जमा न होने दें।
खुद दवा न खाएं, एस्प्रीन, ब्रूफीन दवाइयों का सेवन न करें।
कोट
डेंगू एक वायरल बुखार है जो कि मादा एडिज मच्छर के काटने से होता है। ये मच्छर दिन में काटता और रूके हुए साफ पानी में पनपता है। यदि घरों व कार्यालय में मच्छर के अंडे व बच्चे पाए जाते हैं तो चालान या जुर्माना किया जा सकता है।
-डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन