फतेहाबाद। रविवार रात को गांव तामसपुरा के पास संतुलन बिगड़ने से कार सड़क से उतरकर पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में फर्नीचर का काम करने वाले युवक की मौत हो गई व उसके दो साथियों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं मृतक के शव का पुलिस ने नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर सोमवार को शव परिजनों को सौंप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव जांडवाला सोतर निवासी 35 वर्षीय मुकेश अपने साथियों सुरेंद्र व मुकेश के साथ कार में सवार होकर रविवार रात को गांव से फतेहाबाद की ओर किसी काम से आ रहा था। मुकेश गांव में फर्नीचर का काम करता है। गांव तामसपुरा व फुलां के बीच में प्लाइवुड की फैक्टरी के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और कार पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुरेंद्र व मुकेश घायल हो गए। उनको नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक के शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।