रतिया व्यापारी की दुकान के आगे नारेबाजी करते हुए पंजाब के किसान
- फोटो : Fatehabad
रतिया। अनाज मंडी में सोमवार को पंजाब के गांव झंडा खुर्द, रोड़की व आसपास के किसानों ने व्यापारी से नरमे की फसल के बकाया 80 लाख रुपये लेने की मांग को लेकर को लेकर मंडी की एक फर्म की दुकान के बाहर धरना देकर नारेबाजी की।
सोमवार को सभी किसान भारतीय किसान यूनियन मालवा पंजाब के प्रदेशाध्यक्ष मलूक सिंह हीरके की अध्यक्षता में रतिया पहुंचे। किसानों ने कहा कि आढ़ती ने उनकी बकाया राशि नहीं दी तो वे 20 जनवरी से अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष मलूक सिंह हीरके, सरदूलगढ़ के ब्लॉक प्रधान जस्सा सिंह, सुभाष कुमार, उधम सिंह, छिंद्रपाल, बलजीत, अवतार, धन्ना राम, कुलविंद्र सिंह, रमेश ने बताया कि रतिया के एक आढ़ती का बेटा उनके गांव में जाकर पिछले साल जनवरी माह मेें नरमा की फसल लेकर आया था। तब अधिकांश किसानों को चेक भी दिए गए। चेक बैंक में लगाए तो वह बाउंस हो गए।
किसानों ने बताया कि उनके गांवों से करीब 30 किसानों से 80 लाख रुपये की नरमा की फसल खरीदी गई। वे कई बार उक्त आढ़ती से मिले, लेकिन आढ़ती उनको रुपये देने का वादा करके टाल मटोल करता रहा है। अब आढ़ती कह रहा है कि उसने अपने बेटे को बेदखल कर रखा था और उसकी मौत हो चुकी है। इसी को लेकर उन्होंने दुकान के बाहर धरना दिया है। इस मामले में जब आढ़ती से बातचीत की गई तो उसने बताया कि उसके बेटे की मौत हो चुकी है और वह किसी काम से हिसार आया हुआ है।