टोहाना में मौजूद हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष बजरंग दास गर्ग व अन्य।
- फोटो : Fatehabad
टोहाना। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व कान्फेड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग टोहाना में बी-13 फूड कोर्ट रेस्टोरेंट के मालिक से मिले और फायरिंग करके 50 लाख रुपये मांगने पर गंभीर चिंता प्रकट की। पत्रकारों से बातचीत में बजरंग गर्ग ने कहा कि यह बड़ा गंभीर मामला है।
अपराधियों द्वारा मेन बाजार में फायरिंग करके फिरौती मांगी गई है। इससे पूरे प्रदेश के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और टोहाना में पिछले कुछ दिनों में यह तीसरा गोलीकांड है। पुलिस प्रशासन तुरंत प्रभाव से तीसरे आरोपी रोहित को काबू करे। बजरंग गर्ग ने कहा कि हरियाणा में हर रोज अपराधियों द्वारा व्यापारी, उद्योगपतियों से फिरौती व लूटपाट की जा रही है, जिसके कारण प्रदेश का व्यापारी, उद्योगपति व आम जनता अपनी जान माल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से भयभीत है। बेरोजगारी के कारण युवा नशे की तरफ बढ़ रहा है जबकि टोहाना पंजाब के साथ लगता है, जिसके कारण फतेहाबाद जिले के साथ-साथ हरियाणा के युवा नशे के चंगुल में फंसते जा रहे हैं। इस अवसर व्यापार मंडल टोहाना शहरी प्रधान राजेंद्र ठकराल, प्रवक्ता पवन वधवा, संरक्षक रमेश गोयल, युवा प्रधान जोनी मेहता मौजूद थे।