फतेहाबाद के नगर परिषद कार्यालय में प्रॉपर्टी टैक्स भरने के लिए लगी लोगों की भीड़।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। प्रॉपर्टी टैक्स के ब्याज पर सौ फीसदी छूट के आखिरी दिन को लेकर नगर परिषद में ब्रांच खुली रही। प्रॉपर्टी टैक्स भरने के लिए सुबह 9 बजे ही लोगों की लाइन लगनी शुरू हो गई। लेकिन पोर्टल धीमा चलने के लिए लोगों को गृहकर भरने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। आखिरी दिन 5 लाख 87 हजार रुपये रिकवरी हुई।
नगर निकाय ने वर्ष 2010-11 से लेकर 2021-22 तक के प्रॉपर्टी टैक्स पर लगे ब्याज पर सौ फीसदी की 31 दिसंबर तक छूट दी थी। अगर प्रॉपर्टी टैक्स का बकाया कोई एकमुश्त में भरता है तो ब्याज पर सौ फीसदी की छूट मिलगी। लेकिन नगर निकाय ने अब 31 जनवरी तक छूट 50 फीसदी कर दी है। अगर कोई बकाया प्रॉपर्टी टैक्स एकमुश्त भरता है तो ब्याज पर 50 फीसदी की छूट मिलेगी। नगर परिषद अधिकारियों के मुताबिक देरी से गृहकर भरने पर डेढ़ प्रतिशत ब्याज लगाया जाता है।
30 करोड़ रुपये है प्रॉपर्टी टैक्स बकाया :
नगर परिषद का शहर में 30 करोड़ रुपये गृहकर बकाया है। सबसे ज्यादा गृहकर सरकारी विभाग पर बकाया है। वर्ष 2022 में छूट के दौरान करीब 18 करोड़ रुपये रिकवरी हुई थी।
2497 बिजली उपभोक्ताओं ने भरा साढ़े पांच करोड़ बिल
बिजली निगम द्वारा भी सरचार्ज माफी योजना शुरू की थी। आखिरी दिन के चलते उपभोक्ताओं ने बकाया बिजली बिल भरकर सरचार्ज माफी योजना का फायदा उठाया। जिले में 2497 बिजली उपभोक्ताओं ने 5 करोड़ 50 लाख रुपये बिजली बिल भरा है।
प्रॉपर्टी टैक्स में ब्याज माफी योजना के चलते आखिरी दिन ब्रांच खुली रही और लोगों ने फायदा उठाया है। छूट अब सौ फीसदी की जगह 50 फीसदी कर दी गई है। अगर कोई 31 जनवरी तक बकाया भरता है तो उसे सरचार्ज पर 50 फीसदी कर छूट मिलेगी।
- ऋषिकेश चौधरी, ईओ, नगर परिषद