धारसूल अनाज मंडी का निरीक्षण करते एसडीएम प्रतीक हुड्डा।
- फोटो : Fatehabad
कुलां। टोहाना के एसडीएम प्रतीक हुड्डा ने शनिवार को धारसूल अनाज मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी में धान खरीद प्रबंधों की जांच की। एसडीएम ने मंडी निरीक्षण के दौरान किसानों व व्यापारियों से बातचीत की। उन्होंने मार्केट कमेटी अधिकारियों को सीजन के दौरान व्यापारियों व किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के आदेश दिए।
उन्होंने सरकार द्वारा जारी मापदंडों के तहत धान खरीद कार्य सुचारू ढंग से करने को लेकर मार्केट कमेटी अधिकारियों अथवा आढ़तियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी आढ़ती अपने-अपने किसानों को हिदायत दें कि वो मंडी में धान की उपज सुखाकर साफ सुथरा करके लाएं, ताकि उन्हें धान की पूरी कीमत मिल सके। सभी आढ़ती कृषि उपज को झरनों से अच्छी प्रकार से साफ करवायें तथा कृषि उपज आते ही आढ़ती उसे अपने एच रजिस्टर में दर्ज करें व अनुमानित वजन शब्दों में लिखें। इस दौरान उन्होंने मंडी के रिकॉर्ड रजिस्टर की जांच भी की। एसडीएम ने नमी अधिक होने के कारण धान फसल की खरीद ना होने को लेकर स्वयं मंडी में धान की ढेरियों पर जाकर नमी को चेक किया।