फतेहाबाद। मुख्यमंत्री मनोहर लाल 14 व 15 अगस्त को दो दिवसीय दौरे पर फतेहाबाद में रहेंगे। मुख्यमंत्री 14 अगस्त को दोपहर 12 बजे फतेहाबाद पहुंचेंगे। इसके बाद रात्रि ठहराव यहीं करके अगले दिन स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण भी करेंगे। ऐसे में किसान संगठनों की ओर से मुख्यमंत्री के समक्ष मुआवजे की मांग को लेकर अपनी बात रखने का एलान किया गया है। किसान संगठनों ने चेतावनी दी है कि अगर मुख्यमंत्री से प्रशासन ने मुलाकात नहीं करवाई तो विरोध प्रदर्शन भी होगा।गौरतलब है कि 14 अगस्त को पुरानी अनाज मंडी में होने वाले प्रदेशस्तरीय विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल बतौर मुख्य अतिथि पहुंचेंगे। वहीं, दूसरी तरफ संयुक्त किसान मोर्चा ने भी 14 अगस्त को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने का एलान किया है। जिले में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आगमन पर खुफिया तंत्र पूरी तरह से सक्रिय होकर किसान संगठनों के मूवमेंट पर नजर रख रहा है। खुफिया विभाग के अधिकारी किसान संगठनों के अलग-अलग नेताओं से बातचीत भी कर रहे हैं। उनसे मांग-पत्र मंगवाए गए हैं। उन्हें आश्वासन दिया जा रहा है कि मुख्यमंत्री से मुलाकात की व्यवस्था बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
रतिया में संयुक्त किसान मोर्चा ने की बैठक संयुक्त किसान मोर्चा की जिलास्तरीय बैठक वीरवार को रतिया के अनाज मंडी स्थित किसान रेस्ट हाउस में हुई। बैठक में 14 अगस्त को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाने और मुख्यमंत्री को बाढ़ प्रभावित किसानों, मजदूरों को उचित मुआवजा देने को लेकर ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। बैठक में बताया गया कि 14 अगस्त को फतेहाबाद में लघु सचिवालय के सामने पार्क में किसान संगठन राष्ट्रीय एकता दिवस पर सम्मेलन करेंगे। मुख्यमंत्री से मिलकर बाढ़ से प्रभावित किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने, खराब हुए ट्यूबवेल का उचित मुआवजा देने, बिजली बिल माफ करने, काम बंद होने से परेशानी मजदूरों को 10 हजार रुपये प्रति परिवार देने की मांग की जाएगी। बैठक में भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहां के निर्भय सिंह, अखिल भारतीय किसान महासभा के सचिव सुखविंदर सिंह, जगतार सिंह, गुरलाल सिंह, कुलवंत सिंह, राजेंद्र प्रसाद, जगदीश फूला, रेशम सिंह सहित कई किसान नेता मौजूद रहे।
बॉक्स -
विधायक सुभाष सुधा ने पार्षदों व पूर्व पार्षदों की ली बैठक
राज्यस्तरीय विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए पंचनद स्मारक ट्रस्ट के पदाधिकारियों की ओर से पूरा जोर लगाया जा रहा है। इसकी कमान खुद पंचनद स्मारक ट्रस्ट के प्रदेशाध्यक्ष एवं थानेसर के विधायक सुभाष सुधा ने संभाली हुई है। सुधा ने शुक्रवार को रेस्ट हाउस में शहर के पार्षदों एवं पूर्व पार्षदों की बैठक ली। बैठक में मौजूद सभी जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपने वार्ड के घर-घर जाकर लोगों को इस कार्यक्रम के लिए निमंत्रण दें। उन्होंने कार्यक्रम को लेकर पंचनद सदस्यों, पार्षदों व पूर्व पार्षदों के साथ विस्तार से चर्चा की और उनकी ड्यूटियां भी निर्धारित की। बैठक में विजय निर्मोही, दर्शन नागपाल, शैलेन भास्कर, गुलशन रूखाया, किशोरी लाल नारंग, काका चौधरी ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान नगर परिषद उपप्रधान सविता टुटेजा, बिंटू टुटेजा, पार्षद ज्योति मेहता, चंद्रभान, राजेंद्र आहूजा, रमेश गिल्होत्रा, रवि मेहता, अर्जुन कटारिया, सौरभ मेहता, प्रमोद ग्रोवर, रामराज मेहता, सुरेंद्र मिढ़ा, अशोक मक्कड़, मोहन लाल नारंग, राजकुमार, मनोज कुमार, गोबिंद चंद, भूपेंद्र तनेजा सहित कई लोग मौजूद रहे।
बॉक्स
तैयारियों को लेकर विधायक ने डीसी और एसपी से भी की चर्चा
इस कार्यक्रम को लेकर विधायक सुभाष सुधा और उपायुक्त मनदीप कौर ने अधिकारियों के साथ बैठक करके रूपरेखा तैयार की। विधायक सुभाष सुधा ने बताया कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस समारोह में राज्य से नागरिक शामिल होंगे, इसलिए आने वाले वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाए ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की समस्या न हो। डीसी मनदीप कौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह स्थल पर पानी, बिजली और सफाई की समुचित व्यवस्था हो। समारोह स्थल को आने वाले रास्तों की मरम्मत संबंधित विभाग करें। बैठक में एसपी आस्था मोदी, एसडीएम राजेश कुमार, सीटीएम सुरेश कुमार, डीएमसी संजय बिश्नोई, डीएसपी जगदीश काजला, अजय शर्मा, एक्सईएन केसी कंबोज, संदीप मेहता, दर्शन नागपाल आदि मौजूद रहे।
कोट -
हम 14 अगस्त को डीसी कार्यालय के बाहर एकत्रित होकर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाएंगे। मुख्यमंत्री आ रहे हैं, इसलिए उनसे मिलकर मुआवजे की मांग जाएगी। अभी तक बाढ़ प्रभावित लोगों को कोई आर्थिक मदद नहीं मिली है। एक महीने से लोग परेशानी झेल रहे हैं। अगर मुलाकात नहीं हुई तो विरोध भी किया जाएगा।
- जगतार सिंह, जिला संयोजक, संयुक्त किसान मोर्चा