फतेहाबाद। सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं और हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की कक्षा दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं 27 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। परीक्षाओं को लेकर सीबीएसई ने खंड स्तर पर परीक्षा केंद्र बनाए हैं और हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने अभी तक सेंटरों की सूची जारी नहीं की है। लेकिन इस बीच चल रहे किसान आंदोलन को लेकर शिक्षा विभाग भी चिंतित हो गया है।
मार्ग बंद होने के चलते परीक्षा केंद्रों में विद्यार्थियों को पहुंचने पर अगर देरी होती है तो जिला शिक्षा अधिकारी को पंचकूला मुख्यालय में रिपोर्ट देनी होगी। मुख्यालय परीक्षा केंद्रों में फेरबदल भी कर सकता है। पंचकूला में इसको लेकर हेल्प डेस्क बनाकर हेल्प लाइन नंबर जारी किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी को परीक्षाओं के दौरान रोजाना शाम 5 बजे तक इसकी रिपोर्ट देनी होगी। फिलहाल जिले में किसानों के दिल्ली कूच को रोकने के लिए फतेहाबाद-रतिया मार्ग बंद किया गया। इसके अलावा फतेहाबाद में पंजाब सीमा पर गांव हांसपुर और रतिया क्षेत्र में गांव रोझांवाली में बंद किया गया है।
सीबीएसई परीक्षाओं को लेकर बनाए गए हैं 14 केंद्र
जिले में सीबीएसई परीक्षाओं को लेकर 14 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें फतेहाबाद जिला मुख्यालय में ही 6 केंद्र हैं। इसके अलावा भट्टू, भूना, कुलां, रतिया और टोहाना में भी केंद्र बनाए गए हैं। सीबीएसई की कक्षा दसवीं के 3863 और बारहवीं के 3661 परीक्षार्थी हैं। इसके अलावा अगर सरकारी स्कूलों के बोर्ड कक्षा के विद्यार्थियों की बात करें तो कक्षा दसवीं के 7842 और बारहवीं के 5380 विद्यार्थी हैं।
कोट
बोर्ड परीक्षाओं को लेकर अगर कोई समस्या आती है तो इसको लेकर पंचकूला मुख्यालय में हेल्प लाइन नंबर जारी किया गया है। परीक्षाओं से संबंधित कोई समस्या आती है तो मुख्यालय में बताकर समाधान करवाया जाएगा।
- संगीता बिश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी