फतेहाबाद। किसान आंदोलन के चलते पिछले छह दिनों से अयाल्की में रंगोई नाले के पास बैठे किसानों ने सोमवार को सरकार का जनाजा निकालकर मटका फोड़ प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं दूसरी ओर जींद में हुई बैठक के बाद फतेहाबाद के किसान संगठनों ने 21 फरवरी को फतेहाबाद में बीजेपी कार्यालय के घेराव की घोषणा की है।
ज्ञात रहे कि किसान संगठनों ने 13 फरवरी को नप्पो किल्ली चलो दिल्ली के नारे के साथ दिल्ली कूच का ऐलान किया था। पंजाब से फतेहाबाद सीमा से होकर दिल्ली कूच करने वाले किसानों को रोकने के लिए प्रशासन ने 10 फरवरी से अपनी तैयारियां आरंभ कर दी थी। प्रशासन ने मुख्य मार्ग हांसपुर रोड, रतिया के गांव रोझांवाली, टोहाना के नेशनल हाइवे 148-बी, मनियाना रोड व सिंबलवाला पर बैरिकेडिंग व नुकीले सरियों के अलावा रोड पर खाई खोद थी। साथ ही यहां पर कंटीली तारें लगाकर पैरा मिलिट्री फोर्स व पुलिस को तैनात किया गया था। सभी नाकों पर पैरामिलिट्री फोर्स व पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। गांव अयाल्की के रंगोई नाले पर पुलिस द्वारा लगाए गए नाके के पास पक्का मोर्चा डालकर बैठे किसानों ने सोमवार को सरकार का जनाजा निकालते हुए मटका फोड़ प्रदर्शन किया। साथ ही सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जब किसान एकत्रित हो रहे थे, तो पुलिस व पैरामिलिट्री फोर्स भी अलर्ट हो गई, लेकिन किसानों ने नाके के दूसरी ओर ही अपना प्रदर्शन किया। वहीं अन्य नाकों पर अभी भी शांति बनी हुई है।
उपायुक्त से मिले पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के किसान, बाेले- खोले जाएं रास्ते
अपनी मांगों को लेकर दिल्ली कूच कर रहे किसानों को रोकने के लिए सरकार द्वारा बंद किए गए रास्तों को खोलने सहित अनेक मांगों को लेकर पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को उपायुक्त से मिलने फतेहाबाद पहुंचा और मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के ब्लाक उपप्रधान मलकीत सिंह ने किया। इस अवसर पर उनके साथ राज्य कमेटी सदस्य भूपेन्द्र सिंह रंधावा, कल्याण सिंह धांगड़, मनप्रीत सिंह माजरा रोड इकाई प्रधान, करनैल सिंह नंबरदार झाड़ साहिब, सुरेश गढ़वाल ठोबा ढाणी सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने कहा कि रास्ते बंद करके आम जनता को परेशान किया जा रहा है, इसलिए रास्तों को खोला जाए और किसानों की मांगों को पूरा किया जाए।
22 फरवरी को दिल्ली में कोर कमेटी की होगी बैठक
जींद में संयुक्त किसान मोर्चा की हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि पूरे देश में बीजेपी कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। साथ ही 22 फरवरी को दिल्ली में किसान नेताओं की कोर कमेटी की बैठक होगी और इस बैठक में बड़ा निर्णय लिया जाएगा। पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष मनदीप नथवान ने बताया कि 21 फरवरी को फतेहाबाद के भूना रोड स्थित भाजपा कार्यालय का भारी संख्या में किसान घेराव करेंगे।
अयाल्की के पास मटका फोड़ प्रदर्शन करते किसान