फतेहाबाद। गेहूं का सीजन आते ही फतेहाबाद मार्केटिंग बोर्ड के दमकल विभाग कार्यालय में अटल कैंटीन को फिर से आरंभ कर दिया गया है। इस कैंटीन में मजदूर व किसानों को 10 रुपये में भरपेट भोजन मिलेगा। यह कैंटीन दो दिन पहले से आरंभ की गई है और स्टाफ भी रख लिया गया है।
इस कैंटीन का संचालन सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाएं कर रही हैं। मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारी इस कैंटीन के संचालन पर नजर रखेंगे। अटल कैंटीन हालांकि वैसे तो पूरा साल खुली रहती है, लेकिन जब धान व गेहूं का सीजन आता है तो यहां पर किसानों व मजदूरों के लिए 10 रुपये थाली कर दी जाती है। सीजन समाप्त होने पर कैंटीन में लोगों को 30 रुपये थाली मिलती है। किसानों व मजदूरों के लिए यह कैंटीन अप्रैल व मई माह तक चलती रहेगी और मार्केटिंग बोर्ड की ओर से कैंटीन को भोजन का भुगतान किया जाएगा। अगर किसानों व मजदूरों के खाने पर अतिरिक्त व्यय होता है, तो पूरा खर्च मार्केटिंग बोर्ड भरेगा। कैंटीन में किसानों व मजदूरों के बैठने तथा स्टैंडिंग खाने की भी व्यवस्था की गई है। इस कैंटीन में पीने का पानी व शौचालय आदि की भी व्यवस्था की गई है। फिलहाल कैंटीन में 100 के करीब लोग प्रतिदिन आ रहे हैं, लेकिन सीजन में समय यह संख्या काफी बढ़ने वाली है।
ये है कैंटीन का मेन्यू
इस कैंटीन में किसानों को 10 रुपये में एक दाल, एक सब्जी, चार चपाती और चावल दिए जाएंगे। इस कैंटीन में गैस, बर्नर, चिमनी, फ्रिज, सीसीटीवी कैमरा, बिलिंग मशीन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। टोकन लेकर किसान व मजदूर भोजन कर सकेंगे।
कोट
सरकार द्वारा किसानों व मजदूरों की सुविधा के लिए अटल कैंटीन खोलने का निर्णय लिया गया था। अप्रैल माह से मई तक किसानों व मजदूरों को यहां पर 10 रुपये में भरपेट भोजन मिलेगा। कैंटीन में सभी प्रकार सुविधाएं मिलेंगी।
-विकास सेतिया, सचिव मार्केट कमेटी, फतेहाबाद।