फतेहाबाद। शहर में दोपहर 12 बजे शुरू हुई बारिश करीब 35 मिनट तक लगातार हुई। बारिश के कारण शहर के मुख्य चौक, सड़कों पर पानी भर गया। रविवार को हुई बारिश से सबसे ज्यादा परेशानी फतेहाबाद के मॉडल संस्कृति स्कूल और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की री-अपीयर की परीक्षा देने आए विद्यार्थियों को उठानी पड़ी।
धर्मशाला रोड और तुलसीदास चौक पर जलभराव होने के कारण सुबह की परीक्षा देकर केंद्र से निकले और शाम के सत्र में परीक्षा देने जा रहे विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ी। सुबह दसवीं कक्षा की परीक्षा थी और इसको लेकर कन्या स्कूल और मॉडल संस्कृति में सेंटर बनाया गया था। परीक्षा खत्म होने से पहले मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इसके चलते स्कूल के बाहर और अंदर तक पानी भर गया। पानी के बीच में से विद्यार्थी बाहर निकले। शाम के सत्र में बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षा थी। विद्यार्थियों को घुटनों तक भरे पानी में से निकलकर केंद्र तक जाना पड़ा। कई विद्यार्थियों के अभिभावक मोटरसाइकिल पर छोड़ने पहुंचे, लेकिन वह बीच में ही बंद हो गए।
डिस्पोजल टैंक हुए ओवरफ्लो, सड़कों पर पानी
शहर में लगातार करीब 35 मिनट तक हुई बारिश के कारण कन्या स्कूल में बनाए गए डिस्पोजल टैंक और चिल्ली में बनाया गया डिस्पोजल टैंक ओवरफ्लो हो गया। इसके चलते तुलसीदास चौक, धर्मशाला रोड, जवाहर चौक, थाना रोड, भीमां बस्ती, डीएसपी रोड पर जलभराव रहा। पांच घंटे तक भी यहां से पानी की निकासी नहीं हो पाई। शहर के करीब 60 फीसदी हिस्से का बारिश पानी चिल्ली में में बने डिस्पोजल टैंक में डाला जा रहा है, यहां रंगोई नाले में डाला जा रहा है।
अब जीटी रोड पर बढ़ रही समस्या
जवाहर चौक और धर्मशाला रोड पर पानी निकासी के लिए बड़े स्तर पर प्रबंध किए गए हैं। मगर अब जीटी रोड पर जलभराव की समस्या बढ़ने लगी है। दुर्गा मंदिर और इसके आसपास बनी दुकानों के आगे मामूली सी बारिश में ही भारी जलभराव हो जाता है। इससे दुकानदारों को सबसे अधिक परेशानी होती है। दिनभर दुकानों तक ग्राहक नहीं पहुंच पाते हैं। यहां पर सीवर लाइन से ही बारिश के पानी की निकासी होती है।
रविवार को हुई बारिश का ब्योरा
फतेहाबाद : 38 एमएम
भट्टू कलां : 32 एमएम
टोहाना : 20 एमएम
जाखल : 14 एमएम
भूना : 10 एमएम
कुलां : 2 एमएम
रतिया : शून्य
कोट
बोर्ड की री-अपीयर परीक्षा को लेकर फतेहाबाद में चार सेंटर बनाए गए थे। जिनमें दो फतेहाबाद शहर और दो भोड़िया खेड़ा में थे। फतेहाबाद के धर्मशाला रोड पर पानी भरने के कारण बच्चों को परीक्षा केंद्र में जाने में दिक्कत हुई।
-दयानंद सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी
शहर में लगातार बारिश के कारण जलभराव हुआ है। बारिश बंद होने के बाद निकासी हो रही है और धर्मशाला रोड से भी लगभग पानी निकल चुका है। हिसार-सिरसा रोड पर सिर्फ अब साइडों में ही पानी रह गया है। पानी निकासी में समय लगता है, फिलहाल डिस्पोजल टैंक सही काम कर रहे है।
-बलविंद्र सिंह, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग
फतेहाबाद के धर्मशाला रोड पर भरे पानी में से निकलकर परीक्षा देने जाते हुए विद्यार्थी।- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद के मॉडल संस्कृति स्कूल में भरा पानी और उसमें से निकलते हुए विद्यार्थी।- फोटो : Fatehabad