फतेहाबाद। गांव भूंदड़ा की सरप्लस जमीन अपात्रों के नाम करने के मामले में विजिलेंस ने गिरफ्तार फतेहाबाद के सेवानिवृत्त एसडीएम सतबीर सिंह जांगू व पटवारी जगदीश चंद्र को शनिवार को कोर्ट में पेश किया। अदालत के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज दिया गया है।
बता दें कि 18 जुलाई 2022 को विजिलेंस ने डीएसपी सुरेंद्र पाल की शिकायत पर सेवानिवृत्त एवं फतेहाबाद के पूर्व एसडीएम रहे सतबीर जांगू, पटवारी जगदीश चंद्र सहित 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। विजिलेंस को शिकायत मिली थी कि साल 2018 में तत्कालीन एसडीएम सतबीर सिंह जांगू, भूंदड़ा के सरप्लस पटवारी जगदीश चंद्र, कानूनगो, नायब तहसीलदार भूना, नायब तहसीलदार सरप्लस, जसदीप नंबरदार व लाभार्थी मोहन सिंह ने मिलीभगत कर सरप्लस की 11 करोड़ रुपये की 223 कनाल भूमि मात्र 20 हजार में असल हकदारों का हक छीनकर उन लोगों के नाम कर दी, जो पहले से ही जमीन के मालिक हैं। शुक्रवार को विजिलेंस ने इस मामले में पूर्व एसडीएम सतबीर जांगू व पटवारी जगदीश चंद्र को गिरफ्तार करके एक दिन के रिमांड पर लिया था। शनिवार को रिमांड अवधि समाप्त होने पर दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज दिया।
कोट
गांव भूंदड़ा में सरप्लस जमीन में गड़बड़झाले में तत्कालीन एसडीएम सतबीर जांगू व सरप्लस पटवारी जगदीश चंद्र को गिरफ्तार कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया था। इस मामले में नौ अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी की जानी है।
-राकेश मलिक, डीएसपी, विजिलेंस