सोमवार शाम को थाना रोड पर जाम से परेशान राहगीर ने पुलिस के व्हाट्सएप ग्रुप पर शिकायत डाली, मंगलवार सुबह ही ट्रैफिक पुलिस ने बाजार खुलते ही फुव्वारा चौक से जवाहर चौक तक दुकानों के आगे किए गए अतिक्रमण को हटवा दिया। दुकानदारों को भविष्य में दुकानों के आगे सामान न रखने की कड़ी चेतावनी भी दी। ट्रैफिक एसएचओ रिछपाल ने थाना रोड पर नो पार्किंग में खड़े वाहन चालकों को भी चेतावनी देकर हटवाया। बता दें कि शहर थाना रोड जो कि दुकानदारों द्वारा सामान बाहर रखने से संकरा हो गया है। सुबह से लेकर शाम तक थाना रोड पर जाम की स्थिति बनी रहती है। नगरपरिषद ने भी कई बार अतिक्रमण हटवाने के लिए अभियान चलाया लेकिन अगले दिन फिर पहले वाली स्थिति हो जाती है। सोमवार शाम को थाना रोड पर जाम से परेशान राहगीर ने व्हाट्सएप पर शिकायत डाली। जिसके बाद मंगलवार सुबह ट्रैफिक पुलिस ने एक्शन लेते हुए दुकानों के आगे से सामान हटवाया। ट्रैफिक पुलिस की टीम में हेतराम, इंद्रपाल, राकेश शामिल थे।