फतेहाबाद। जिले में 89,044 उपभोक्ताओं पर बिजली निगम का 69.68 करोड़ रुपये बकाया है। बिजली का बिल जमा न करवाने वाले बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली निगम सख्त हो चुका है। निगम ने बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
जिले में निरंतर बढ़ रही बिजली चोरी एवं बिलों की बकाया राशि के कारण ईमानदार उपभोक्ताओं को बढ़ी दरों का दंश झेलना पड़ रहा है। बिजली निगम प्रबंधन ने पिछले दो महीनों में करीब 30 बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए हैं। बिजली निगम ने मई में केवल उद्योगपतियों के बिल जारी किए हैं। संवाद
घरेलू उपभोक्ताओं पर सबसे ज्यादा बकाया
बिजली निगम के अनुसार जिले में घरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं पर सर्वाधिक 44.55 करोड़ की राशि बकाया है। इस श्रेणी के 48,535 उपभोक्ताओं के बिल बकाया हैं। वहीं, सरकारी भवनों के बिजली कनेक्शनों का बिल भी नियमित रूप से नहीं भरा जा रहा है। इस कारण इनके कनेक्शन भी बकायेदारों की सूची में शामिल हैं।
किस श्रेणी के कितने उपभोक्ताओं पर बकाया राशि
कनेक्शन श्रेणी - उपभोक्ता संख्या - बकाया राशि
ग्रामीण घरेलू - 48,535 - 44.55 करोड़
शहरी घरेलू - 12,108 - 6.87 करोड़
नलकूप कनेक्शन - 19,212 - 09 करोड़
शहरी दुकानदार - 5,781 - 2.76 करोड़
ग्रामीण दुकानदार - 2,913 - 4 करोड़
बड़े उद्योगपति - 25 - 1.75 करोड़
लघु उद्योगपति- 470 - 1.25
जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिल बकाया हैं, वह उपभोक्ता बिल की राशि शीघ्र जमा करवा दें ताकि हमें उनका कनेक्शन न काटना पड़े। बिल न भरने वालों के कनेक्शन काटे जा सकते हैं। प्रत्येक उपभोक्ता को बिजली की बचत भी करनी चाहिए। - मानिक, एसडीओ, सिटी सब डिविजन, डीएचबीवीएन, फतेहाबाद।