फतेहाबाद। जिले में अभी तक चुनाव प्रचार अभियान पूरे उफान पर नहीं पहुंचा है। न ही बड़े नेताओं की अभी तक जिले के प्रचार अभियान में एंट्री हुई थी। अब 23 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली के साथ ही चुनाव प्रचार जोर पकड़ेगा। साथ ही बड़े नेताओं का आगमन भी शुरू हो जाएगा।
खासकर, भाजपा उम्मीदवारों के प्रचार को रफ्तार देने के लिए केंद्रीय मंत्रियों के दौरे शुरू होंगे। इसके लिए भाजपा की ओर से योजना तेज कर दी गई है। दरअसल, जिले में तीनों विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न पार्टियों के उम्मीदवार अपने अपने स्तर पर प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। जिले में न तो कांग्रेस पार्टी का कोई बड़ा नेता प्रचार करने पहुंचा है और न ही भाजपा से कोई भी बड़ा स्टार प्रचारक प्रचार करने आया है। जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा-कांग्रेस के उम्मीदवार एक दूसरे को पूरी टक्कर दे रहे हैं।
अब टोहाना के मदनलाल धींगड़ा टाउन पार्क के सामने 23 सितंबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रैली प्रस्तावित है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आने से जिले में बड़े नेताओं के प्रचार करने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह टोहाना से भाजपा उम्मीदवार व पूर्व पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली के समर्थन में रैली को संबोधित करेंगे। इस रैली के जरिए भाजपा जिले की तीनों सीटों के अलावा जींद जिले की नरवाना, हिसार जिले की उकलाना व बरवाला सीटों को भी साधने का प्रयास करेगी। संवाद
-
कोई कर रहा रोड शो, तो कोई डोर-टू-डोर में बहा रहा पसीना
जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा-कांग्रेस उम्मीदवारों की टक्कर चल रही है। कोई उम्मीदवार गांवों में रोड शो के माध्यम से अपनी ताकत दिखा कर वोटर को अपनी तरफ कर रहा है, तो कोई गांवों व शहरों में नुक्कड़ सभा कर पार्टी के काम गिनवा रहा है। हर उम्मीदवार 12 घंटे से ज्यादा लोगों को अपना समय दे रहा है। सुबह से रात तक जनसभा व लोगों से मिलजुल कर वोट करने की अपील कर रहे हैं। डोर-टू-डोर जाकर भी पसीना बहाने में लगे हुए हैं।
-
किसी ने चलाया लंगर तो कोई दे रहा तेल की पर्ची
जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में वोटर को अपनी तरफ करने के लिए उम्मीदवार हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। कुछ उम्मीदवार अपने कार्यालय में चाय के साथ-साथ वोटरों के लिए लंगर की व्यवस्था कर रहे हैं ताकि कोई भी समर्थक उनके साथ चले तो उसे खाने के लिए अपने पैसे न लगाने पड़ें। वहीं, उम्मीदवार अपने साथ समर्थकों को ले जाने के लिए उनको तेल की पर्ची भी दे रहे हैं। अगर कोई समर्थक आने में असमर्थता जताता है, तो उसे घर से लाने के लिए स्पेशल गाड़ी भेजी जा रही है। कुल मिलाकर इस समय समर्थकों की पूरी चांदी हैं। उन्हें पूरा वीआईपी ट्रीटमेंट मिल रहा है।
-
अलग से बॉक्स::
केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे के मद्देनजर ड्रोन उड़ाने पर लगाया प्रतिबंध
जिलाधीश मनदीप कौर ने 23 सितंबर को टोहाना में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा की दृष्टि से नई अनाज मंडी तथा नगर परिषद के पांच किलोमीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के अधीन प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए तुरंत प्रभाव से किसी भी प्रकार के मानव रहित हवाई उड़ान जैसे ड्रोन/पैराग्लाइडर आदि का उपयोग व उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया है। उपरोक्त क्षेत्र को अस्थायी रेड जोन घोषित करते हुए ड्रोन रूल-2021 के रूल 24 के तहत आदेश पारित किए हैं। इसके अलावा इन स्थानों पर शस्त्र, आग्नेय हथियार, लाठी, तलवार, भाला लेकर चलने पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पेट्रोल पंपों पर बोतल, कैन में डीजल और पेट्रोल ले जाने पर रोक रहेगी। आदेशों की अवहेलना में दोषी व्यक्ति या व्यक्तियों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
-
:: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 23 सितंबर को टोहाना में रैली को संबोधित करने पहुंचेंगे। निश्चित रूप से इस रैली के बाद भाजपा के समर्थन में एकतरफा माहौल बनेगा। रैली की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
देवेंद्र सिंह बबली, पूर्व पंचायत मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी टोहाना