भूना। नाबालिग छात्राओं के पास आपत्तिजनक व्हाट्सएप मैसेज भेजे जाने के मामले में राजकीय उच्च विद्यालय चंद्रावल के निलंबित शिक्षक की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार को सिरसा-चंडीगढ़ हाईवे पर आठ घंटे तक जाम लगाकर अपनी नाराजगी का इजहार किया। ग्रामीणों ने पुलिस की ढुलमुल कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों ने सुबह करीब 10 बजे सड़क के बीचोबीच वाहनों व कृषि यंत्रों को खड़ा करके आवागमन रोक दिया। ग्रामीणों द्वारा जाम लगने के कारण सिरसा-चंडीगढ़ रोड पर बड़े वाहन चालकों को पूरे दिन इंतजार करना पड़ा। एसडीएम राजेश कुमार, डीएसपी जुगल किशोर तथा डीएसपी अजायब सिंह ने जांडली कला बस स्टैंड पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को आरोपी अध्यापक की गिरफ्तारी से संबंधित कार्रवाई से अवगत कराया। डीएसपी ने ग्रामीणों को समझाया कि जल्द ही आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर लेगी। एसडीएम व डीएसपी के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने शाम करीब पांच बजे जाम को समाप्त किया।
चंद्रावल निवासी एवं पूर्व सरपंच महेंद्र सिंह, पूर्व सरपंच महा सिंह, राधेश्याम भूरिया, सुशील खिचड़, सरपंच प्रतिनिधि धूप सिंह, डॉक्टर करनैल सिंह, रमेश कुमार, महावीर सिंह, धूप सिंह बलौदा, प्रहलाद सिंह जाखड़, राजकुमार कुलड़िया, लीलू राम, तेलू राम, राजेश कुमार, संदीप कुमार, लिछ्मूराम आदि ने बताया कि स्कूल में संस्कृत अध्यापक छात्राओं को लगातार तंग कर रहा था। आरोपी अध्यापक छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें करने साथ मोबाइल फोन पर गलत मैसेज भेज रहा था। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उपरोक्त घटनाक्रम को लेकर उन्होंने मुख्य अध्यापक को शिकायत की, लेकिन आरोपी के खिलाफ कोई संज्ञान नहीं लिया गया। इसलिए आरोपी 6 दिसंबर को स्कूल से 21 दिनों की छुट्टी लेकर चला गया।
कोट
राजकीय हाईस्कूल चंद्रावल के संस्कृत अध्यापक को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की दो टीमें लगी हुई हैं। आरोपी के मोबाइल की लोकेशन को लेकर भी साइबर सेल लगातार ट्रेसिंग कर रही है। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करेंगी।
- जुगल किशोर, डीएसपी