रतिया में आधार कार्ड अपडेट करता हुआ कर्मचारी।
फतेहाबाद। यूआईडीएआई यानि भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण पोर्टल में दिक्कत के कारण शिशुओं के आधार कार्ड नहीं बन पा रहे हैं ये ही नहीं अपडेट भी नहीं हो रहे हैं। मां-बाप बच्चों को लेकर आधार सेंटरों के चक्कर काट रहे हैं। रोजाना 80 से 100 बच्चों के नए आधार कार्ड बनाए जाते हैं।
वजह ये है कि यूआईडीएआई पोर्टल में करीब एक माह से तकनीकी दिक्कत आ रही है। शिशु के जन्म के बाद उसका आधार कार्ड बनाना अनिवार्य होता है, इसके बाद ही योजनाओं का लाभ मिल सकता है। सेंटर संचालक बच्चे का पोर्टल पर डाटा दर्ज करते हैं तो वह सेव नहीं हो पाता है और अगर हो जाता है तो रद्द हो रहा है। इसको लेकर आधार सेंटर संचालक भी परेशान है।
अधिकारियों का कहना है कि पोर्टल पर नया वर्जन आना है, ये आने के बाद समस्या हल हो पाएगी। हालांकि बच्चों के अलावा अन्य के आधार कार्ड अपडेट में दिक्कत नहीं आ रही है। ये जरूर है फसल कटाई के चलते आधार सेंटरों पर भीड़ कम हुई है।
योजनाओं का लाभ लेने में भी दिक्कत : आधार सेंटर संचालकों का कहना है कि पोर्टल पर आधार के लिए डाटा दर्ज किया जाता है तो वह सेव नहीं हो रहा है या फिर रिजेक्ट हो रहा है। लोग बच्चों को लेकर चक्कर काट रहे है, क्योंकि उन्हें योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।