नागरिक अस्पताल में उपचार लेते कोल्ड डि्रंक पीने से बीमार लोग।
फतेहाबाद। गांव पिलछियां में कोल्ड ड्रिंक पीने से 6 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। बाढ़ के चलते सभी लोग गांव में ही उपचार लेते रहे लेकिन असर नहीं हुआ। रास्ते खुलने पर सात दिन बाद 6 लोग नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में उपचार लेने पहुंचे हैं। नागरिक अस्पताल में सभी का उपचार शुरू किया गया है।
नागरिक अस्पताल में दाखिल गांव पिलछियां निवासी जगदीश, हरमनदीप सिंह, रामफल सिंह, मनजीत सिंह, गुरमेल सिंह, जसवंत सिंह ने बताया कि 19 जुलाई को उन्होंने गांव से ही दुकान से कोल्ड ड्रिंक लेकर पी थी। कोल्ड ड्रिंक पीने के दो घंटे बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। उल्टी और पेट खराब होने पर गांव के ही स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार लेते रहे। बाढ़ के चलते रास्ते बंद होने से फतेहाबाद नागरिक अस्पताल में उपचार लेने के लिए नहीं पहुंच पाए। मंगलवार को कुछ रास्ते खुलने पर नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में उपचार लेने के लिए पहुंचे हैं। गुरमेल सिंह ने बताया कि बोतल खोलने के कुछ देर बाद ही कोल्ड ड्रिंक का रंग भी बदल गया। कोल्ड ड्रिंक को लेकर वह कंपनी में भी शिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है।
कोट
विभाग के पास कोल्ड ड्रिंक पीने से तबीयत खराब होने की सूचना नहीं है। अगर कोई शिकायत आती है तो जरूर कार्रवाई की जाएगी।
-भंवर सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी फतेहाबाद