टोहाना (फतेहाबाद)। पूर्व पंचायत मंत्री एवं टोहाना के विधायक देवेंद्र सिंह बबली दो दिन बाद कार्यकर्ताओं की राय से भरी मतपेटियां खोलेंगे। पिछले चार दिनों से देवेंद्र बबली कार्यकर्ताओं से रायशुमारी करते रहे। अलग-अलग दौर में कार्यकर्ताओं से बैठक कर बबली ने उनसे बातचीत भी की। अब कार्यकर्ताओं व समर्थकों की राय मतपेटियों में जमा हो गई हैं। इनको दो दिन बाद खोलकर बहुमत की राय के आधार पर देवेंद्र बबली अपना आगामी राजनीतिक निर्णय लेंगे।
गौरतलब है कि जजपा से खींचतान के बाद देवेंद्र सिंह बबली पार्टी छोड़ने का मन बना चुके हैं। उनके द्वारा कार्यकर्ताओं से राय लेकर आगामी फैसला लेने का एलान किया गया था। 11 मई से लगातार पूर्व मंत्री अपने समर्थकों व कार्यकर्ताओं की राय ले रहे थे।
इन क्षेत्रों से आए बूथ योद्धाओं से लिया फीडबैक
पूर्व पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली द्वारा चार दिन में अलग-अलग जगहों के कार्यकर्ताओं से बातचीत की गई तथा फीडबैक लिया गया। पूर्व मंत्री ने पहले टोहाना क्षेत्र के गांवों से कार्यकर्ताओं से दो दिन तक राय मशविरा किया। इसके बाद एक दिन शहर के कार्यकर्ताओं तथा एक दिन जाखल ब्लॉक के कार्यकर्ताओं से सलाह लेने में लगाया। मंगलवार को भी राय लेने के बाद मतपेटियों को बंद कर दिया गया है।
सोशल मीडिया पर भेजे जा रहे मैसेज
पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली के समर्थकों द्वारा सोशल मीडिया पर मैसेज वायरल किया गया है, जिसमें लिखा गया कि लगातार चार दिन से विधायक व पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली के टोहाना कार्यालय में समर्थकों की आवाजाही से राजनीतिक हलचल तेज हुई। एक-दो दिन में पूर्व मंत्री कोई भी फैसला ले सकते हैं। यह मैसेज फेसबुक, व्हाट्सएप एवं अन्य प्लेटफार्मों पर वायरल रहा।
पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली की ओर से समर्थकों से राय मशविरा किया गया है। कार्यकर्ताओं की क्या राय रही है, इसको लेकर आगामी दो दिनों में उनकी ओर से ऐलान किया जाएगा। -निशांत कामरा, निजी सचिव, पूर्व पंचायत मंत्री