फतेहाबाद। जिले में ग्रामीण विकास को लेकर पंचायती राज विभाग ने टेंडर जारी करने शुरू कर दिए हैं। विभाग ने जिले के 32 गांवों में तीन करोड़ रुपये के टेंडर जारी कर दिए हैं। विभाग की ओर से इन गांवों में फिरनियां, श्मशान घाट के शेड, गांवों में सीमेंट के बेंच, खाल व धर्मशालाओं में नए कमरों का निर्माण करवाया जाएगा। सभी सात खंडों में भी छोटे-छोटे काम करवाए जाएंगे।
पंचायती राज विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिले के 32 गांवों में 3 करोड़ 20 लाख 1232 रुपये के टेंडर जारी किए हैं। इससे पहले भी 68 गांवों में विकास कार्यों के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं। नए टेंडरों में कई बड़े प्रोजेक्ट भी शामिल हैं। जिन गांवों में गलियों की समस्या है, वहां पर नवनिर्माण करवाया जाएगा। इसके अलावा गांवों में बड़े प्रोजेक्ट के तहत फिरनियां भी बनाई जाएंगी। गांव मानावाली में 41 लाख 10 हजार 185, लालवास में 55 लाख 13350 व मुसेअली में 26 लाख 70 हजार 470 रुपये की लागत से नई फिरनियाें का निर्माण किया जाएगा। गांव गोरखपुर में श्मशान घाट में शेड, रास्ता बनाने, वाटर टैंक बनाने व बच्चों का श्मशान घाट बनाने के लिए 24 लाख 85 हजार 499 रुपये का टेंडर डाला गया है।
इन गांवों में विकास कार्यों के लगाए टेंडर
पंचायती राज विभाग की ओर से गांव भोडियाखेड़ा, भट्टूखुर्द, थेड़ी, चौबारा, जल्लोपुर, बनगांव, चुहड़पुर, गुल्लरवाला,, दरियापुर, दमकौरा, तलवाड़ी, कन्हेड़ी, चिंदड़, अहलीसदर, चिल्लेवाल, चिंदड़, मानावाली, लालवास, बैजलपुर, गोरखपुर, चौबारा, भूंदड़ा, मोचीवाली, रत्ताखेड़ा, जमालपुरशेखां, ललोदा, हंसेवाला, इंदाछोई, मुसेअली, भूंदड़ा व मोचीवाली में विभिन्न विकास कार्यों के लिए टेंडर जारी किए गए हैं।
सात खंडों के गांवों में मिलेंगे पानी के टैंकर
इसके अलावा पंचायती राज विभाग ने सात खंडों फतेहाबाद, भट्टूकलां, भूना, टोहाना, जाखल, भट्टूकलां व रतिया के गांवों में वाटर टैंक लगाने, टाइल व ग्रेनाइट के काम करवाए जाएंगे। यह टेंडर ओपन हैं और जो एजेंसी कम रेट देगी, उनको टेंडर दे दिया जाएगा।
गांवों में विकास कार्य करवाने के लिए ग्राम पंचायतों की ओर से जो एस्टीमेट आ रहे हैं, उनके टेंडर लगाए जा रहे हैं। दिसंबर माह के दौरान यह टेंडर खोले जाएंगे और गांवों में विकास कार्य आरंभ करवाए जाएंगे। ग्राम पंचायतों की डिमांड के अनुसार, टेंडर जारी किए जा रहे हैं।
-देवेंद्र कुमार, कार्यकारी अभियंता, पंचायती राज विभाग, फतेहाबाद