रतिया। प्रदेश में इनेलो जहां बसपा के साथ गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रही है। वहीं रतिया विधानसभा में इनेलो और बसपा से अलग-अलग उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। इसको लेकर इनेलो-बसपा गठबंधन पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।
वीरवार को नामांकन के अंतिम दिन इनेलो उम्मीदवार के तहत बाजीगर समाज के नेता 70 वर्षीय पूर्व मंत्री रामस्वरूप रामा ने नामांकन पत्र दाखिल करवाया। बसपा से नंगल निवासी युवा ओड नेता व पूर्व सरपंच 43 वर्षीय छिद्रपाल मजोका ने नामांकन करवाया। इसके बाद क्षेत्र में इनेलो बसपा गठबंधन पर अनेक चर्चाएं शुरू हो गईं। बसपा उम्मीदवार छिद्रपाल ने कहा की प्रदेश इकाई द्वारा पार्टी का टिकट दिया गया है। वहीं इनेलो उम्मीदवार रामस्वरूप रामा ने कहा कि उसे इनेलो ने रतिया विधानसभा से उम्मीदवार बनाया है, बसपा के उम्मीदवार व गठबंधन का मामला पार्टी सुप्रीमो अपने स्तर पर देखेंगे।
बसपा उम्मीदवार की घोषणा होते ही इनेलो नेता पार्टी सुप्रीमो के समक्ष पेश हुए
रतिया विधानसभा क्षेत्र इनेलो का गढ़ माना जाता रहा है और कई बार रतिया से इनेलो का विधायक भी चुना गया है। वर्ष 2019 के चुनाव में इनेलो-अकाली गठबंधन के तहत रतिया विधानसभा सीट इनेलो की खाते में चली गई थी तथा पिछले कुछ दिनों से इस बार रतिया विधानसभा से उम्मीदवार के चुनाव लड़ने के दावे कर रहे थे। बुधवार देर शाम को जैसे ही बसपा ने ओड समाज के छिद्रपाल को उम्मीदवार घोषित किया तो इनेलो की इकाई अध्यक्ष इनेलो सुप्रीम के समक्ष पहुंचे और विधानसभा से बसपा उम्मीदवार घोषित किए जाने की बात रखी। इसके बाद वीरवार सुबह रामस्वरूप रामा ने इनेलो उम्मीदवार के तहत नामांकन दाखिल कर दिया।
गठबंधन के तहत रतिया विधानसभा सीट बसपा के खाते में
कर्मवीर रंगा बसपा के जिला अध्यक्ष कर्मवीर रंगा ने दावा किया कि रतिया विधानसभा बसपा के खाते में आई है। उन्होंने कहा कि टोहाना विधानसभा सीट बसपा के खाते में आई थी लेकिन बाद में टोहाना के इनेलो के खाते में चली गई, जिसके बदले रतिया विधानसभा सीट बसपा को दी गई है। बसपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने गठबंधन धर्म व नियमों के तहत ही रतिया विधानसभा से अपना उम्मीदवार उतारा है।
इनेलो के शहरी जिला अध्यक्ष हरबंस खन्ना ने कहा कि इनेलो ने रामस्वरूप रामा को अपना उम्मीदवार बनाया है, अगर बसपा ने भी उम्मीदवार उतारा है तो गठबंधन के तहत शुक्रवार को बैठक करेंगे और आपसी बातचीत और हाई कमान के आदेशों के तहत गठबंधन धर्म निभाएंगे।