फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: एनडीसी में भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर किया प्रदर्शन

Wed, 24 May 2023 11:57 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
रतिया नगरपालिका कार्यालय में अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शहरवासी।
विज्ञापन
रतिया। पिछले कई दिनों से नो ड्यूज सर्टिफिकेट (एनडीसी) नहीं मिलने से परेशान शहरवासियों व प्रॉपर्टी डीलरों ने बुधवार दोपहर बाद नगरपालिका कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों के खिलाफ जमकर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगरपालिका अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। साथ ही नगरपालिका सचिव व अन्य अधिकारियों के तबादले को लेकर विधायक व मुख्यमंत्री से मिलने का भी निर्णय लिया। इस दौरान काफी हंगामा हुआ। मौके पर पहुंचे नगरपालिका प्रधान प्रतिनिधि महेश खन्ना ने भी सचिव व अन्य कर्मचारियों से काफी तू तड़ाक की और प्रदर्शन कर रहे लोगों का समर्थन किया।
विज्ञापन


लोगों को बार-बार कटवा रहे चक्कर
शहरवासी प्रमोद बंसल, जीवन कुमार, नरेश बंसल व राकेश कुमार सहित अन्य प्रॉपर्टी डीलरों ने आरोप लगाया कि नगरपालिका सचिव व अन्य अधिकारी पिछले दो महीने से नो ड्यूज सर्टिफिकेट के लिए लोगों के चक्कर कटवा रहे हैं। जब भी लोग एनडीसी के लिए नगरपालिका कार्यालय में आते हैं तो वहां पर कभी नगरपालिका सचिव नहीं मिलते तो कभी जेई मौके पर नहीं मिलते। लोग चक्कर काट-काटकर परेशान हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगरपालिका के अधिकारी भ्रष्टाचार व रिश्वतखोरी करने के लिए जानबूझकर आम लोगों की एनडीसी जारी नहीं करते और जो लोग रिश्वत नहीं देते, उनकी एनडीसी पर अनअप्रूवड एरिया लिखकर रिजेक्ट कर देते हैं। प्रमोद बंसल ने आरोप लगाते हुए कहा कि हरियाणा सरकार व रतिया विधायक अच्छा काम कर रहे हैं, लेकिन नगरपालिका अधिकारी जानबूझकर सरकार की बदनामी करवाने के लिए एनडीसी जारी नहीं करते। अगर कोई इन्हें नजराना नहीं देता तो उनकी एनडीसी रद्द कर दी जाती है। बुधवार को जब लोग नगरपालिका सचिव के पास एनडीसी के लिए गए तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इस कारण लोगों ने नारेबाजी कर दी।

विजिलेंस से लेकर सीएम तक करेंगे शिकायत
प्रमोद बंसल ने कहा कि वह नगरपालिका सचिव व अन्य अधिकारियों की शिकायत विजिलेंस के साथ-साथ विधायक व मुख्यमंत्री से करेंगे और उनके तबादले के लिए भी मिलेंगे।
विज्ञापन


जानबूझकर अधिकारी करते हैं जनता को परेशान : प्रधान प्रतिनिधि
नगरपालिका के अधिकारी जान-बूझकर लोगों को परेशान करते हैं। जो लोग रिश्वत नहीं देते उनकी एनडीसी जारी नहीं की जाती है।
-महेश खन्ना, प्रधान प्रतिनिधि, नगरपालिका रतिया

हमारे ऊपर लगाए गए सारे आरोप बेबुनियाद व निराधार है। जिस व्यक्ति के दस्तावेज पूरे होते हैं, उसे एनडीसी जारी कर दी जाती है। किसी के दस्तावेज पूरे नहीं होते तो उस व्यक्ति को बता दिया जाता है। आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।
विज्ञापन

-दीपक कुमार, सचिव, नगरपालिका रतिया
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें