फतेहाबाद। रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा सोमवार दोपहर बाद फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र की सबसे बड़ी जाट बेल्ट भट्टू में कांग्रेस प्रत्याशी बलवान सिंह के समर्थन में जनसभा करने पहुंचे। इसमें हलके से टिकट के दावेदार रहे सभी नेताओं को भी आमंत्रित किया गया।
इस दौरान दीपेंद्र मंच पर मौजूद टिकट के दावेदार रहे बड़े नेताओं की गुटबाजी दूर करने का संदेश देते रहे। कई नेताओं को तो खुद दीपेंद्र हुड्डा ने कान में कहकर बलवान दौलतपुरिया के लिए वोटों की अपील करवाई। जनसभा को संबोधित करते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार फैल हो गई। भाजपा-जजपा के नेता मिलकर प्रदेश को पांच साल तक लूट गए। आम जनता को पीपीपी में उलझा दिया। नौजवानों को कच्ची नौकरी व सीईटी में उलझा दिया।
दीपेंद्र ने कहा कि सरकारी नौकरी भाजपा खा गई। हर वर्ग को सड़क पर लाने और उनका अपमान करने वाली भाजपा सरकार है। भाजपा ने संविधान बदलने की भी ठान ली थी। मगर जनता ने इनका घमंड तोड़ने का काम किया। दीपेंद्र ने कहा कि भाजपा के नेता आजकल कह रहे हैं कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री बनने के लिए पिता-पुत्र झगड़ रहे हैं। इसका मतलब यह तो पक्का हुआ कि अब भाजपा ने भी मान लिया है कि कांग्रेस की सरकार बन रही है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा विधायक व सरकार ने फतेहाबाद का भी भट्ठा बिठाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। इस दौरान दीपेंद्र ने मोबाइल फोन में कार्यकारी सीएम नायब सैनी का वह भाषण भी सुनाया, जिसमें वह बार-बार हुड्डा पर निशाना साधते रहे।
-
बोले, मेहनत बहुत लोग करते हैं, मैदान में एक को उतारा जाता है
दीपेंद्र ने मंच से सभी रुष्ट नेताओं को संतुष्ट करने का प्रयास करते हुए कहा कि पार्टी में बहुत लोग मेहनत करते हैं, टिकट भी मांगते हैं, मगर मैदान में तो एक को ही उतारा जाता है। मगर सरकार बनती है, तब सबकी भागीदारी होती है। सरकार आने पर सबका पूरा ख्याल रखेंगे। सरकार में सबकी हिस्सेदारी होगी।
हुड्डा सीएम बनेंगे तब मेरे फोन से भी आग निकलेगी : प्रहलाद गिल्लाखेड़ा
अपने भाषण में पूर्व सीपीएस प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा ने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा मुख्यमंत्री बनेंगे, तब मेरे फोन से भी आग निकलेगी। हमारे फोन भी विधायक के बराबर चलेंगे। इसके बाद मंच संचालक ने डॉ. वीरेंद्र सिवाच और उनके बाद जब बलवान दौलतपुरिया को बुलाया तो उससे पहले दीपेंद्र हुड्डा ने आनंदवीर गिल्लाखेड़ा को भी बोलने के लिए कहा। आनंदवीर ने कहा कि दीपेंद्र हुड्डा को सीएम बनाने का लक्ष्य अब पूरा होने वाला है। उनका भाषण खत्म होने पर दीपेंद्र ने आनंदवीर को गले लगाया। इसके बाद बलवान सिंह का भाषण हुआ। जनसभा को पूर्व गृहमंत्री प्रो. संपत सिंह, पूर्व विधायक कुलवीर बैनीवाल, डॉ. वीरेंद्र सिवाच, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष चंद्रमोहन पोटलिया ने भी संबोधित किया।
-
कई दिनों से प्रचार से दूरी बनाए हुए हैं हुड्डा खेमा
बता दें कि फतेहाबाद हलके से कांग्रेस की टिकट के 19 दावेदार थे। इनमें प्रमुख दावेदारों में पूर्व सीपीएस प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा, पूर्व विधायक बलवान सिंह, पूर्व विधायक कुलवीर बैनीवाल, राष्ट्रीय सचिव विनीत पूनियां, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रमोहन पोटलिया आदि शामिल थे। कांग्रेस की टिकट बलवान सिंह को मिलने के बाद से हुड्डा खेमे के नेता प्रचार से दूरी बनाए हुए हैं। ऐसे में कांग्रेस में पहले से चल रही गुटबाजी के कारण भीतरघात की आशंका थी। इसी आशंका के चलते दीपेंद्र हुड्डा की जनसभा रखवाई गई।