फतेहाबाद। बुनियाद योजना को लेकर शिक्षा विभाग ने चयनित छात्रों के लिए नया फरमान जारी कर दिया है। छात्रों को मौजूदा स्कूलों से एसएलसी लेकर मॉडल संस्कृति स्कूल में दाखिला लेना होगा। मॉडल संस्कृति स्कूल में ही तीन दिन बुनियाद योजना के तहत कक्षाएं लगानी होगी और नौंवी की कक्षा भी इसी स्कूल में लगानी होगी। फरमान को लेकर छात्र असमंजस में हैं। इसके चलते शिक्षा विभाग बुनियाद योजना को लेकर तीन माह बाद भी कक्षाएं शुरू नहीं कर पाया है।
शिक्षा विभाग के निदेशालय ने शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए है कि विद्यार्थियों की काउंसिलिंग की जाए और बुनियाद के लिए जो स्कूल अलॉट किए गए हैं वहां पर ही दाखिले करवाए जाएं। इसके अलावा अलॉट किया गया स्कूल अगर छात्र से एसएलसी लेता है तो डीईओ से अनुमति ली जाए। जिले के पांच स्कूलों में बुनियाद के पांच केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें फतेहाबाद, टोहाना, रतिया, भूना और भट्टू शामिल हैं। जिले में बुनियाद योजना के तहत 275 छात्रों का चयन हो चुका है।
एसएलसी लेने से बदल जाएगा बोर्ड और देनी होगी फीस
बुनियाद योजना को लेकर शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में आठवीं कक्षा पास कर चुके विद्यार्थियों से आवेदन मांगे थे। 4576 छात्रों ने आवेदन किए थे और 4194 छात्रों ने परीक्षा दी थी। पहले और दूसरे लेवल की परीक्षा के बाद 275 छात्रों का चयन हो चुका है। छात्रों का कहना है कि अगर वह मॉडल संस्कृति स्कूलों में दाखिला लेते हैं तो उनका बोर्ड हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से सीबीएसई हो जाएगा। इसके अलावा मॉडल संस्कृति स्कूल में उन्हें फीस भी देनी होगी।
जून में आ चुका है परिणाम
बुनियाद योजना को लेकर जून माह में लेवल दो का परिणाम जारी हो चुका है। इसके बाद ओरिएंटेशन कार्यक्रम में काउंसिलिंग भी हो चुकी है। लेकिन तीन माह बाद भी कक्षाएं शुरू नहीं हुई हैं।
-
शुरू होने हैं तीन नए बुनियाद केंद्र, 40 लाख का बजट जारी
जिले में पिछले साल फतेहाबाद के मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और टोहाना के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बुनियाद केंद्र शुरू किए गए थे। इसके अलावा शिक्षा विभाग ने भूना, रतिया और भट्टूकलां में बुनियाद केंद्र शुरू करने की मंजूरी दी है और 40 लाख का बजट भी जारी हो चुका है। बुनियाद केंद्र में शिक्षा विभाग कक्षा नौंवी और दसवीं में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाता है। ऑनलाइन कक्षा के माध्यम से तैयारी करवाई जाती है।
बुनियाद केंद्रों में अभी कक्षाएं शुरू नहीं हुई हैं। छात्रों को जो स्कूल अलॉट हुए हैं वहां पर दाखिला लेना है। दाखिले अभी कम हुए हैं इसको लेकर काउंसिलिंग की जानी है।
- मुकेश कुमार, नोडल अधिकारी, बुनियाद योजना