जाखल। कटरा जम्मू से आ रही रेलगाड़ी में जाखल जंक्शन पर हृदय घात से एक रेलयात्री की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक दिल्ली की नई बस्ती मंगोलपुरी निवासी परिवार सोमवार को माता वैष्णो देवी कटरा से दर्शन करके रेलगाड़ी से लौट रहा था। इसी दौरान जाखल जंक्शन से पहले ही 42 वर्षीय जोगिंद्र की तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगी। इसलिए परिवार ने टीटी से जाखल स्टेशन पर उनके प्राथमिक उपचार की अपील की। टीटी ने जाखल के स्टेशन अधीक्षक सीएस दहिया को सूचना दी।
रेलवे सुरक्षा बल ने एंबुलेंस के माध्यम से यात्री को जाखल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने जोगिंद्र को मृत घोषित कर दिया। जाखल जंक्शन पहुंचने पर व्यक्ति को एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी ले जाया गया। मगर डॉक्टर ने प्राथमिक जांच में ही उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार जोगिंद्र पहले भी बीमार थे। हर दो दिन के बाद उन्हें डायलिसिस करवाना पड़ता था। सोमवार को उन्हें दिल्ली जाकर इलाज करवाना था। सीएचसी जाखल के एसएमओ डॉ. राजेश क्रांति ने बताया कि आरपीएफ ने जोगिंद्र को सांस लेने में दिक्कत बताई थी, लेकिन अस्पताल आने से पहले उनकी मृत्यु हो चुकी थी।