कोर्ट की दूसरी मंजिल से छलांग लगाने वाले आरोपी युवक की शनिवार को मौत हो गई। वह मौके पर घायल हुआ था और अग्रोहा मेडिकल में भर्ती करवाया गया था। वहीं पर उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक सुधीर के खिलाफ नाबालिग लड़की को बहला फुसला कर ले जाने के आरोप में आईपीसी तथा पोक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। शुक्रवार दोपहर को पुलिस उसे न्यायिक परिसर में कोर्ट के समक्ष पेश करने के लिए लेकर गई थी। कोर्ट से पेश करने के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत पुलिस उसे दूसरी मंजिल पर फिंगर प्रिंट लेने के लिए साथ लेकर गई थी। बताया गया है कि वह पुलिस कर्मी से हाथ छुड़वाकर भाग निकला और छत से नीचे छलांग लगा दी। नीचे गिरते ही गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे अस्पताल में पहुंचाया गया जहां से अग्रोहा रेफर किया गया था। बताया गया है कि इस मामले में मृतक के परिजनों ने नाजायज तरीके से परेशान करने का भी आरोप लगाया है। मृतक के भाई सुमेर ने कहा कि मरने से पहले सुधीर ने पुलिस द्वारा टॉर्चर किए जाने की बात कही थी। इन आरोपों को लेकर भी जांच चल रही है। हालांकि इस मामले में अभी पुलिस का कोई अधिकारी अधिकारिक तौर पर कुछ टिप्पणी नहीं करने को तैयार नहीं है।