फतेहाबाद। प्रॉपर्टी आईडी के हिस्से, आपत्तियों को ठीक करवाने के लिए चक्कर काट रहे प्रॉपर्टी मालिकों व डीलरों ने परेशान होकर बुधवार सुबह नगर परिषद परिसर में करीब आधा घंटे तक चेतावनी धरना दिया। धरनारत लोगों ने अधिकारियों व कर्मचारियों पर आरोप लगाए कि करीब दो माह से प्रॉपर्टी आईडी की आपत्तियों को ठीक करवाने के लिए चक्कर काट रहे है लेकिन समाधान नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अधिकारी कंप्यूटर ऑपरेटर न होने तो कभी चुनाव डयूटी होने का बहाना बना रहे हैं। प्रॉपर्टी आईडी के हिस्से करने की 50 से ज्यादा फाइलें रुकी हुई हैं। वहीं ईओ सुरेंद्र कुमार का कहना है कि अधिकारी व कर्मचारियों की चुनाव डयूटी के चलते दिक्कत आ रही है, जल्द ही लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा।
नगर परिषद परिसर में धरना दे रहे प्रॉपर्टी डीलर रिंकू, चौधरी कॉलोनी निवासी पवन चुघ, प्रॉपर्टी मालिक शिव चौक निवासी नीरज, लाजपत नगर निवासी राहुल, बिशंबर ने कहा कि प्रॉपर्टी आईडी के हिस्से करवाने है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। दो माह से कभी नगर परिषद तो कभी जिला नगर आयुक्त कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं।
रिंकू ने कहा कि उन्होंने 10 मरले प्लॉट की हिस्से में प्रॉपर्टी आईडी बनवानी है। वे विकास शुल्क भी भर चुके हैं। दो माह पहले आवेदन किया गया था। इस दौरान कहा गया कि ईओ नहीं है, जब ईओ आए तो कहा गया कि ऑपरेटर नहीं है। अब लेवल एक हो चुका है लेकिन लेवल दो और तीन के लिए अधिकारी नहीं है। पवन चुघ ने कहा कि उसकी 12 फाइलें प्रॉपर्टी आईडी की रुकी हुई है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। शिव चौक निवासी नीरज ने कहा कि प्रॉपर्टी आईडी पर लगी आपत्ति को ठीक करवाने के लिए आवेदन किया था लेकिन सिर्फ चक्कर कटवाए जा रहे है। कार्यालय में 50 से ज्यादा फाइलें रुकी हुई हैं।
-
ये है जिले में प्रॉपर्टी आईडी की स्थिति
शहर कुल प्रॉपर्टी
फतेहाबाद 30824
भूना 11633
जाखल 4713
रतिया 19246
टोहाना 28823
तकनीकी ब्रांच के अधिकारी होते है चेकर :
प्रॉपर्टी आईडी बनाने व त्रुटि ठीक करने के लिए चेकर-मेकर की पॉवर नगर परिषद अधिकारियों को दी गई है। प्रॉपर्टी आईडी के हिस्से करवाने की अगर किसी की फाइल है तो तकनीकी ब्रांच के अधिकारी चेक करते हैं और इसकी रिपोर्ट देते हैं। इसमें बिल्डिंग इंस्पेक्टर और एमई शामिल होते हैं। इन अधिकारियों की ड्यूटी विधानसभा चुनाव में लगी हुई है।
-
प्रॉपर्टी आईडी की आपत्ति संबंधित जो भी फाइल है उसका जल्द समाधान होगा। प्रथम लेवल से फाइल क्लीयर हो चुकी है। अधिकारी व कर्मचारियों की चुनाव ड्यूटी होने के कारण दिक्कत हो रही है। उच्च अधिकारियों से इस संबंध में बात हुई है कि दो दिन के लिए अधिकारी व कर्मचारियों की ड्यूटी यहां लगाई जाए ताकि लंबिथ फाइलों का समाधान हो सके।
- सुरेंद्र कुमार, ईओ, नगर परिषद, फतेहाबाद।