हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना शहर के हिसार बाईपास रोड पर फतेहाबाद ब्रांच नहर से युवक और 16 साल की किशोरी के शव मिले हैं। किशोरी का हाथ युवक की जांघ के साथ चुनरी से बंधा हुआ था। सूचना पाकर पहुंची शहर पुलिस ने गो रक्षा दल के सहयोग से दोनों शवों को नहर से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवाया।
सीन ऑफ क्राइम की टीम ने डॉ. जोगिंद्र के नेतृत्व में छानबीन भी की। मृतक युवक के मोबाइल के पीछे पर्ची बरामद हुई है, जिसमें उसने अपनी मर्जी से आत्महत्या करने की बात लिखी है। मामला प्रेम-प्रसंग का है। मगर मृतकों के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है।
दोनों मंगलवार शाम को हो गए थे घर से लापता
जानकारी के अनुसार युवक और किशोरी टोहाना शहर के ही रहने वाले थे। दोनों मंगलवार शाम से घर से लापता हो गए थे। परिजन अपने स्तर पर दोनों की तलाश कर रहे थे। किशोरी के पिता का 15 साल पहले निधन हो चुका है। उसके दादा का नाम ही पिता के रूप में कागजातों में चल रहा है। सूचना मिलने पर परिजनों ने मौके पर आकर किशोरी की शिनाख्त की।
मृतक अजय के मोबाइल कवर से मिली पर्ची पर लिखा मां के नाम संदेश
मृतक अजय के मोबाइल के कवर के नीचे पुलिस ने एक पर्ची बरामद की है, जिसमें उसने लिखा है कि मां, मुझे माफ कर देना, अब मैं मर रहा हूं। लेकिन अगले जन्म में तेरा बेटा बनकर फिर जन्म लूंगा। पुलिस ने इस पर्ची व मोबाइल को कब्जे में ले लिया है।
युवक और किशोरी के शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया है। दोनों के परिजनों ने किसी भी तरह की पुलिस कार्रवाई नहीं करवाने के लिए लिखकर दिया है। इसलिए पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
-कुलदीप सिंह, प्रभारी, टोहाना शहर थाना