रतिया। उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने शुक्रवार को रतिया में एसडीएम कार्यालय, तहसील, सिटी थाना, सदर थाना, बीडीपीओ कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रतिया-भूना रोड पर बने मुंशी माइनर को सही दिशा में करने के निर्देश दिए
उन्होंने कहा कि कार्यालय में फाइलों को व्यवस्थित ढंग से रखा जाए और रिकॉर्ड को अपडेट रखें। अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने कार्यालय में सफाई रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने ने एसडीएम कार्यालय, तहसील, पटवार भवन, अंत्योदय सरल केंद्र व रिकॉर्ड रूम को चेक कर एसडीएम को निर्देश दिए कि रिकाॅर्ड रूम को मॉडल रूम बनाया जाए। डीसी ने सिटी थाना व सदर थाना में हवालात, कोतवाली रूम, मुंशी कक्ष, मालखाना व मित्र कक्ष का निरीक्षण कर रिकॉर्ड जांचा व नशा मुक्ति के प्रयासों की भी जानकारी प्राप्त की।
डीसी ने अधिकारियों की टीम के साथ रतिया-भूना रोड पर बने पुलों का निरीक्षण किया और पुल को सही करने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि रतिया-भूना रोड पर दो पुल एक साथ-साथ है। इन पुलों को रोड सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए सही दिशा में करना बहुत जरूरी है ताकि दुर्घटना से बचा जा सकें। डीसी ने पूर्व में बनाए गए पुल व सड़क निर्माण की जानकारी ली। इस मौके पर एसडीएम जगदीश चंद्र, डीएसपी वीरेंद्र सिंह, तहसीलदार विजय कुमार, बीडीपीओ संदीप भारद्वाज सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।