45 साल का होने के बावजूद शादी न होने पर ठगों के गैंग ने युवक को अपने जाल में फंसाकर शादी करवा दी और बाद में एक लाख 40 हजार रुपये ठग लिए। यही नहीं युवक की शादी भी ऐसी युवती से करवा दी, जो पहले से शादीशुदा है और एक लड़की की मां है। यह मामला गांव अलीपुर बरोटा में सामने आया है।
पुलिस ने नवविवाहित दूल्हे चेतराम निवासी अलीपुर बरोटा की शिकायत पर दुल्हन कोमल उर्फ प्रीती, बिचौलिए राजबीर निवासी फूलां, हरजीत निवासी शहपुर पंजाब जालंधर, राजबीर निवासी मोगा और दो अन्य के खिलाफ विवाह के नाम पर ठगी करने, नकदी, जेवर चुराने तथा षडयंत्र रचने के आरोप में धारा 120बी, 494, 328, 370, 380, 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस खेल में दुल्हन बनी कोमल उर्फ प्रीती निवासी नकोदर को हिरासत में ले लिया है।
शिकायत देकर चेतराम ने बताया कि उसकी शादी में दिक्कत आ रही थी। इसी सूचना का फायदा उठाकर चार जून को फूलां निवासी राजबीर ने बताया कि उसकी शादी पंजाब में हुई है, वह उसकी भी शादी करवा देगा। आरोप है कि राजबीर जिसे अपनी सास कह रहा था और आंटी बुला रहा था। उसके पास ले गया।
जहां पर आंटी ने कोमल उर्फ पिंकी से मिलवाया। चेतराम ने कहा कि उसने कोमल को देखकर सहमति दे दी। उक्त लोग कोमल का सूट बनवाने के लिए उससे पांच हजार रुपये भी ले गए। चेतराम ने बताया कि सात जून को हमारी शादी करवा दी गई। शादी करवाने के लिए मैंने जमीन बेचकर बिचौलियों को एक लाख 40 हजार रुपये का भुगतान किया। कुछ दिन पहले कोमल ने कहा कि उसने अपने भाई के घर मोगा (पंजाब) जाना है। वह मोगा चली गई और मैं रविवार को उसे ले आया। दो दिन पहले कोमल मुझसे बोली कि मेरा चचेरा भाई आशू मिलने आ रहा है।
मैं उसके चचेरे भाई को फतेहाबाद से गांव तक लाया। रात को जब मैंने खाना खाया, तो पहली चपाती खाते ही मैं बेहोश हो गया। मेरे बेहोश होते ही आशू और कोमल ने जेवर, नकदी समेटी और भागने लगे। मेरी विकलांग बहन ने माजरा देख लिया और मेरी मां को जगा दिया। मेरी मां ने कोमल को पकड़ लिया और मुझे होश में लाया गया। लेकिन इस बीच कोमल का कथित भाई आशू भागने में सफल रहा। हमने पुलिस बुलाकर कोमल को पुलिस के हवाले कर दिया। पहले यह कहती थी कि वह मोगा की है। अब कहती है कि वह तो नकोदर की है। पहले कहती थी कि मेरे मां-बाप स्वर्ग सिधार चुके हैं और एक भाई-भाभी हैं।
अब कह रह है कि दो भाई हैं। बिचौलिए भी अब बात करने को तैयार नही हैं। पुलिस ने जांच में पाया है कि कोमल तो पहले ही शाहपुर कोट जालंधर निवासी हरजीत के साथ शादीशुदा है। जिस युवक को चेचेरा भाई कह रही थी वह उसका पहला पति हरजीत था।
आरोपी महिला बोली, मैं एक लड़की की मां हूं:
पकड़ी गई युवती से परिवार के लोगों ने जब पूछताछ की तो उसने बताया कि वह पहले से शादीशुदा है और उसकी हरजीत के साथ लव मैरिज हो रखी है। उसकी एक लड़की भी है। युवती से कहानी सुनने के बाद परिवार के लोग भी जान गए कि वह ठगी का शिकार हो चुके हैं। पुलिस पूछताछ में खुलासा हो सकता है कि इस गैंग ने इससे पहले कितने मासूम लोगों को फंसाया है।