बीघड़ रोड पर एक बार फिर नकाबपोश बदमाशों ने छीना छपटी की घटना को अंजाम दिया। इस बार बदमाशों ने महिला बैंक कर्मी को निशाना बनाया। बदमाश बैंक महिला कर्मी का पर्स छीनकर फरार हो गए। जिसमें नकदी, मोबाइल व एटीएम कार्ड थे। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलने पर एसएचओ सिटी दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज खंगाली।
बीघड़ रोड पर आरके कॉलोनी निवासी सरूचि सिरसा के यूनाइटेड बैंक में क्लर्क की पद पर कार्यरत है। सरूचि के अनुसार, सिरसा से जब वह फतेहाबाद पहुंची और बीघड रोड होती हुई घर जा रही थी तो पीछे से बाइक सवार युवक आए। इनमें एक युवक ने मुुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था।
बताया गया कि पीछे बैठे युवक ने उसका पर्स छीन लिया। युवती ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन आरोपी मौके से फरार गए। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर एसएचओ दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे। नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई है, जिसे पुलिस कब्जे में लेकर छानबीन कर रही है।
15 दिन पहले भी हुई थी घटना
बीघड़ रोड पर 15 दिन पहले बाइक सवार युवक खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक महिला के गहने लेकर फरार हो गए थे। इस मामले में भी पुलिस आरोपियों का सुराग नहीं लगा सकी है।