युवती से सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें हिसार जेल भेज दिया गया। गौरतलब है कि महिला थाना पुलिस में एक युवती ने शिकायत दी थी कि तीन युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था तथा किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। जिसके बाद पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही थी। युवती ने पुलिस को बताया था कि एक परिचित युवक ने उसे रतिया रोड स्थित एक होटल में बुलाया था उसने अपने दो अन्य दोस्तों के साथ मिलकर जबरदस्ती उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने घर आकर अपने परिजनों को इस बारे में बताया, जिसके बाद मामला पुलिस थाने में पहुंच गया। इस संदर्भ में महिला थाना प्रभारी मंजू सिंह ने बताया कि मामले में गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी युवकों आकाश, आशीष व गौरव के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया था। जिसके बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।