सीआईए स्टाफ फतेहाबाद की टीम ने अमृतसर के गांव हरछाछीना में छापा मारकर 40 वर्षों से पैरोल लेकर फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। आरोपी की पहचान सुखविंद्र सिंह के रूप में हुई है। आरोपी सुखविंद्र सिंह को गिरफ्तार करने वाली टीम में टेकचंद के अलावा रिछपाल पाल, भूपेंद्र सिंह व विनोद कुमार भी शामिल रहे।
एएसआई टेकचंद ने बताया कि वर्ष 1977 में उक्त आरोपी को हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था और इस मामले को लेकर अदालत द्वारा उक्त आरोपी के अलावा 3 अन्य आरोपियों को 7 साल की सजा सुनाई गई थी। सजायाफ्ता होने के बाद वर्ष 1978 में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट से वह पैरोल पर बाहर आ गया था।
इसके बाद जेल नहीं वापस गया। काफी समय बीतने के पश्चात अदालत ने उक्त आरोपी को भगोड़ा घोषित कर दिया था। हालांकि उक्त आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने दबिश दी थी, लेकिन 40 वर्ष बीतने के बावजूद भी उसे पकड़ नहीं पाई थी। प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि पैरोल पर आया उक्त आरोपी पंजाब के अमृतसर शहर में रह रहा है। गुप्त सूचना पर ही दबिश देकर वीरवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया और अदालत में पेश करने के पश्चात जेल भेज दिया।