जिले भर में सद्भावना का संदेश देने वाली फतेहाबाद पुलिस स्नैचरों के आगे घुटने टेकती नजर आ रही है। बीते एक माह में स्नैचिंग की तकरीबन आधा दर्जन से अधिक वारदात हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस सिवाए सीसीटीवी फुटेज खंगालने के और कोई बड़ा तीर मारने में नाकाम रही है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि अभी तक एक भी मामले को पुलिस सुलझा नहीं पाई है। पिछले 24 घंटों में ही रतिया और फतेहाबाद में स्नैचिंग की तीन वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है, जिससे लोगों में दहशत और रोष है।
चालान काटकर टारगेट पूरा करने तक सिमटी कार्रवाई
पुलिस के आला अधिकारी जिले भर में मुस्तैद गश्त का दावा करते नहीं थकते, लेकिन जमीनी हालात इसके बिल्कुल उलट है। रात होते ही पुलिस की पीसीआर गश्त पर निकलती जरूर हैं, लेकिन एक दो चक्कर के बाद ही वह अपने तय ठिकानों पर जाकर खड़ी हो जाती हैं। दिन में भी पुलिस पीसीआर शहर के चौराहों पर महज चालान काटने के लिए ही खड़ी नजर आती है। अगर वास्तव में पुलिस मुस्तैद होती तो अब तक स्नैचिंग के आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होते।
ये हैं सिलसिलेवार वारदात
पहला केस : बीघड़ रोड पर तकरीबन डेढ़ महीना पहले लगभग स्नैचिंग गिरोह के सदस्य अपने आपको पुलिस वाला बताकर महिला के जेवरात ले उड़े थे। महिला से तकरीबन दो सोने के कंगन एवं बालियां छीनी गई थी। अनुमानित कीमत लगभग एक लाख से अधिक थी।
दूसरा केस : लगभग एक महीना पहले कई युवकों ने बीघड़ पशु राम मंदिर के पास से घर जा रही महिला बैक कर्मचारी का पर्स छीन लिया था। पर्स में एक मोबाइल और एक हजार रुपये, एटीएम कार्ड आदि था। इस वारदात का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है।
तीसरा केस : 20 दिन पहले लाजपत नगर में अपने घर पर पैदल जा रही महिला से बाइक सवार बदमाश पर्स छीनकर फरार हो गए थे। पर्स में लगभग 23 तोला सोना बताया गया था, लेकिन इस मामले में पुलिस के हाथ अभी तक कुछ नहीं लगा। इस मामले में पीड़ित महिला एसएचओ से लेकर एएसपी तक से गुहार लगा चुकी है। सीआईए और लोकल पुलिस तक इस मामले में कोई सुराग लगा पाने में नाकाम रहे हैं।
चौथा केस : रतिया में 26 मार्च को दोपहर 12 डेरा सुरजनहार वाली गली में दिन दहाड़े बाइक सवार युवकों ने गली मे जा रही बुजुर्ग महिला वार्ड नंबर-1 निवासी शर्मा देवी की बालियां छीन ली गई थीं। रतिया पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के अलावा अभी तक कोई बड़ा तीर नहीं मारा है।
पांचवां केस : 26 मार्च दोपहर करीब 3 बजे फतेहाबाद शहर के लाजपत नगर में बाइक सवार बदमाशों ने गली में खड़ी गंगा देवी की बालियां झपट ली। पुलिस इस मामले में भी बदमाशों का सुराग नहीं लगा सकी है।
छठा केस : 27 मार्च को रतिया के मॉडल टाउन में अपने भतीजे के घर जा रही प्रकाशो देवी के कानों से दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने बालियां छीन ली। पुलिस पहुंची जरूर लेकिन बदमाशों तक पहुंचने में नाकाम रही।
लोगों में गुस्सा, लामबंदी की तैयारी
जिले भर में स्नैचिंग की घटनाओं से फतेहाबाद और रतिया में खासतौर पर जनता में पुलिस को लेकर खासा गुस्सा दिखाई दे रहा है। लोग अब पुलिसिया कार्यवाही को ढिलाई की कार्रवाई मानने लगे हैं। अगर आगामी एक दो दिन में ही पुलिस ने बाइक सवार स्नैचरों की धरपकड़ नहीं की तो पुलिस को जनता के गुस्से का शिकार होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है।
एसपी का जवाब : टीमें बनाई हैं, स्नैचरों को जल्द करेंगे काबू
इस बारे में जब एसपी ओपी नरवाल से बात की गई तो एसपी का स्पष्ट जवाब था कि पुलिस हाथ पर हाथ धरकर नहीं बैठी है। टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही बाइक सवार स्नैचरों को काबू कर लिया जाएगा।